आज देश में शिक्षक दिवस मनाया गया। ऐसे में सभी सेलेब्स ने किसी ने किसी ऐसे शख्स को याद किया जिन्होंने उन्हें कुछ न कुछ सीखाया। इस बीच भूषण कुमार ने भी अपने पिता गुलशन कुमार के साथ तस्वीर शेयर की है।
भूषण ने अपने पिता गुलशन के साथ सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर की। फोटो शेयर करते हुए भूषण ने उन्हें अपना गुरु बताया और जिंदगी की सीख देने के लिए शुक्रिया कहा। इस ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर में ये दोनों मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। गौरतलब है कि टी सीरीज के संस्थापक गुलशन कुमार वो शख्सियत हैं, जिन्हें बॉलीवुड ही नहीं बल्कि आम लोग भी नहीं भूल पाए हैं। वे लोगों की नजरों में उस वक्त आए थे, जब उन्होंने देश में कैसेट के साम्राज्य को खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई हालांकि, उन्हें एक और वजह से याद किया जाता है वो है उनकी दर्दनाक मौत।
शुरुआती दिनों में गुलशन कुमार कामयाबी की ओर बड़ी तेजी से बढ़ रहे थे और जाहिर है उनके दुश्मन भी बनने शुरू हो गए थे। एस हुसैन जैदी ने अपनी किताब माई नेम इज अबू सलेम (My name is Abu Salem) में बताया कि अबू सलेम ने सिंगर गुलशन कुमार से 10 करोड़ देने के लिए कहा था। लेकिन गुलशन कुमार ने मना कर दिया था। जिसके बाद 12 अगस्त 1997 को मुंबई के जीतेश्वर महादेव मंदिर के बाहर 16 गोलियां मारकर गुलशन कुमार की हत्या कर दी गई थी।