ऐसा लगता है कि करन जौहर और संजय लीला भंसाली जैसे बड़े निर्माता-निर्देशकों ने इन दिनों फिल्मी सितारों के बच्चों को ही लॉन्च करने का जिम्मा उठा रखा है। खबर है कि भंसाली अब शाहरुख खान की बेटी सुहाना को फिल्मी पर्दे पर उतारने की योजना पर काम कर रहे हैं।
वैसे शाहरुख कहते रहे हैं कि उनके बेटा-बेटी पहले पढ़ाई पूरी करेंगे परंतु हाल में सुहाना ने एक इंटरनेशनल पत्रिका के भारतीय संस्करण के लिए फोटो शूट किया, जिसके बाद उनके फिल्मों में आने की चर्चा तेज हो गई। सूत्रों का कहना है कि शाहरुख चाहते हैं कि उनकी बेटी को कोई बड़ा डायरेक्टर लॉन्च करे। शाहरुख और उनकी पत्नी गौरी को लगता है कि सुहाना लॉन्च के लिए तैयार हैं। वह लगातार थियेटर करती रहती हैं।
वैसे सुहाना को लॉन्च करने के लिए करन जौहर और सुजॉय घोष नाम भी आ रहे हैं परंतु शाहरुख को लगता है कि भंसाली जिस भव्यता से फिल्म बनाते हैं, उसे देखते हुए वह सुहाना को पहली बार पर्दे पर उतारने के लिए ज्यादा बेहतर होंगे। बताया जाता है कि सुहाना अपनी डेब्यू फिल्म में पारंपरिक लव स्टोरी नहीं करना चाहतीं। वह कुछ अलग अंदाज की कहानी में पर्दे पर उतरना चाहती हैं।