फरहान अख्तर की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'भाग मिल्खा भाग' का पहला प्रोमो सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्सों में जारी कर दिया गया है। इस प्रोमो को 'तलाश' फिल्म के साथ दिखाया जा रहा है। इस फिल्म को रिलीज होने में अभी काफी समय है फिर भी दर्शकों के बीच फिल्म के लिए दिलचस्पी जगाने के लिए इस फिल्म का पहला प्रोमो थिएटर में आ गया है।
राकेश ओमप्रकाश मेहरा निर्देशित यह फिल्म 12 जुलाई 2013 को रिलीज हो रही है। धावक मिल्खा सिंह की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म में मिल्खा की भूमिका फरहान अख्तर निभा रहे हैं। फरहान के साथ इस फिल्म में सोनम कपूर होंगी। निर्देशक के रूप में राकेश ओमप्रकाश मेहरा की यह फिल्म उनके द्वारा निर्देशित अंतिम फिल्म के चार साल बाद रिलीज होगी।
राकेश ओमप्रकाश मेहरा निर्देशित अंतिम फिल्म 'दिल्ली 6' थी जो 2006 में रिलीज हुई थी। 'भाग मिल्खा भाग' की शूटिंग अभी भी जारी है। इस फिल्म के लिए फरहान ने अपना काफी वजन कम किया है। फिल्म का जो पहला प्रोमो जारी किया गया है उसमें किसी प्रकार के संवाद नहीं हैं। बस मिल्खा की अलग-अलग गेटअप को एक कोलाज का रूप दिया गया है। इस फिल्म का कोई भी ट्रेलर या प्रोमो अभी किसी चैनल में जारी नहीं किया गया है।