माधबी मुखर्जी के परिवार की ओर से बताया गया था कि उनका शरीर कुछ समय से काम नहीं कर रहा था। इसी की जांच के लिए उन्हें भर्ती कराया गया था। अस्पताल की ओर से वृद्धावस्था में हो रही परेशानियों के चलते उनके कुछ टेस्ट कराकर विशेषज्ञों से सलाह ली गई थी। इसी के बाद उन्हें डिस्चार्ज किया गया है।
अस्पताल की ओर से दिए गए बयान में कहा गया कि अभिनेत्री के गॉल ब्लैडर में स्टोन मिला है। बाद में इसकी जांच कर सर्जरी की जाएगी। वुडलैंड्स मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के जनरल मेडिसिन के डायरेक्टर डॉ. विश्वजीत घोष उनकी निगरानी रखेंगे।
बता दें कि मुखर्जी पिछले महीने निर्देशक प्रमिता भौमिक की शॉर्ट फिल्म 'प्रभा' की शूटिंग के दौरान दिखाई दी थीं। इसके अलावा उन्हें 27 अप्रैल से शुरू हुए अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री ममता मुखर्जी के साथ भी देखा गया था। इसके दो दिन बाद वह बीमार पड़ गईं और उन्हें भर्ती कराना पड़ा।