क्या आप जानते हैं बॉलीवुड की जिस हीरोइन को अपनी फिल्मों में साइन करने के लिए बड़े-बड़े निर्देशक बेताब रहते हैं वही स्कूल के नाटक में नहीं चुनी गई थी। जी हां, मौजूदा दौर की रुपहले पर्दे की शीर्षस्थ तारिका करीना कपूर देहरादून के वेल्हम गर्ल्स स्कूल में पढ़ाई के दौरान ऑडिशन में फेल हो गई थीं।
मंगलवार को उनकी शादी पर उनके स्कूल टीचर बेहद खुश थे। अपनी नामी छात्रा के सफल वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए पूर्व टीचरों ने करीना की स्कूली जिंदगी के अनुभव अमर उजाला से बांटे।
करीना के टीचर बताते हैं कि वेल्हम गर्ल्स और दून स्कूल की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित एक नाटक के लिए ऑडीशन हुए थे। एक्टिंग के प्रति अपने सहज आकर्षण के चलते करीना ने भी ऑडिशन दिए। लेकिन उसमें उसका चयन नहीं हो पाया था।
वेल्हम स्कूल में करीना आठवीं से दसवीं तक 1994-96 में पढ़ चुकी हैं। स्कूल का स्टाफ बताता है कि मौजूदा वक्त में कनकछरी काया (जीरो साइज) की मालकिन करीना दून में पढ़ने के दौरान गोलमटोल लगती थी। उस समय वेल्हम की प्रिंसीपल रहीं शांति वर्मा करीना का नाम आते ही खिल उठती हैं। बताती हैं कि करीना बहुत ही प्यारी स्टूडेंट थी। एक्टिंग का शौक स्कूल में ही दिखने लगा था। उन्होंने करीना को शुभकामनाएं दीं।
स्कूल के स्पोर्ट्स टीचर विनोद बाच्छानी बताते हैं खेलों में करीना बहुत अच्छी तो नहीं थी लेकिन बॉस्केटबाल उसकी पसंद थी। व्यवहार कुशल होने के कारण सबका दिल जीतना जानती थी। करीना में कपूर फैमिली की अकड़ कभी नहीं दिखी और ‘डाउन टू अर्थ’ रहकर ही उसने स्कूल में पढ़ाई की। बेबो की डांस टीचर मनोरमा नेगी उनकी शादी पर बेहद खुश हैं। उन्होंने बताया कि करीना की डांस सीखने में विशेष दिलचस्पी थी। वह सीखती भी जल्दी थी।