टी सीरीज के बैनर तले शुक्रवार को रिलीज हो रही फिल्म चीट इंडिया (बदला हुआ नाम – वॉय चीट इंडिया) के प्रदर्शन और वितरण पर अदालत ने रोक लगा दी है। वाइब्रैंट मीडिया नाम की एक प्रोडक्शन कंपनी ने टी सीरीज, फिल्म के प्रोड्यूसरों तनुज गर्ग और इमरान हाशमी पर आरोप लगाया है कि ये फिल्म उनके बौद्धिक संपदा अधिकारों का हनन करती है। पेश किए गए कागजात के आधार पर अदालत ने अगली सुनवाई तक इस फिल्म के किसी भी तरह के वितरण, प्रदर्शन और इसके व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने का फैसला सुनाया।
अमर उजाला ने 8 जनवरी को फिल्म चीट इंडिया के शीर्षक और इसकी कहानी को लेकर उठे विवाद की खबर सबसे पहले प्रकाशित की थी। परीक्षाओं में नकल के सहारे मेरिट लिस्ट में जगह बनाने वाले माफिया पर बनी फिल्म चीट इंडिया को लेकर प्रोडक्शन हाउस वाइब्रैंट मीडिया ने फिल्म निर्माताओं की संस्था इम्पा और फिल्म लेखकों की संस्था स्क्रीन राइटर्स एसोसिएशन में फिल्म चीट इंडिया के खिलाफ लिखित शिकायत की भी की थी। इस बारे में टी सीरीज की तरफ से वाइब्रेंट मीडिया से बातचीत भी हुई लेकिन मामला सुलझाने के लिए न टी सीरीज की तरफ से कोई पहल हुई और न ही इसके प्रोड्यूसर तनुज गर्ग की तरफ से।