फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता बलराज साहनी अपने दमदार अभिनय और बेहतरीन डायलॉग डिलीवरी के लिए याद किए जाते हैं। बलराज साहनी इंडस्ट्री के बेहद प्रतिभाशाली कलाकारों में से एक हैं। उनका असली नाम युद्धिष्ठिर साहनी है। बलराज साहनी का जन्म एक मई 1913 को ब्रिटिश इंडिया के रावलपिंडी में हुआ था। उस दौर में उन्होंने लाहौर विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में परास्नातक किया था। 13 अप्रैल 1973 को दिल का दौरा पड़ने से अभिनेता का निधन हो गया। बलराज साहनी के जन्मदिन पर जानते हैं उनसे जुड़ी खास बातें...
कौन जानता था कि फिल्म के किरदार को रील लाइफ में जीने वाले बलराज साहनी को असल जिंदगी में भी जेल जाना होगा। अभिनेता को एक दिन खबर मिली कि परेल से कम्युनिस्ट पार्टी का जुलूस निकलने वाला है। बस फिर क्या था, वामपंथी विचारधारा के समर्थक बलराज अपनी पत्नी के साथ उस जुलूस में शामिल हो गए। लेकिन इसी बीच हिंसा शुरू हो गई। कई लोगों के साथ बलराज साहनी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
जेल में कैद बलराज को एक दिन जेलर ने बुलाया और कहा कि उन्हें कहीं देखा है। उस वक्त के. आसिफ भी वहीं बैठे थे। के. आसिफ के कहने पर जेलर ने उन्हें जेल में रहकर शूटिंग करने की इजाजत दी थी। अभिनेता सुबह शूटिंग पर जाते और शाम को वापस जेल लौट आते थे। उन्होंने करीब तीन महीने तक जेल में रहकर फिल्म हलचल की शूटिंग की थी।
फिल्मों के अलावा बलराज साहनी सामाजिक कार्यों में भी काफी सक्रिय रहे। 1938 में उन्होंने महात्मा गांधी के साथ मिलकर काम किया। इसके बाद वह बीबीसी लंदन हिंदी में काम करने के लिए इंग्लैंड चले गए। बलराज साहनी को शुरू से ही अभिनय का शौक था, इसलिए उन्होंने इंडियन पीपल थियेटर भी ज्वाइन किया।