सोशल मीडिया आज हर किसी के जीवन का एक अभिन्न हिस्सा बन गया है। समय मिलते ही लोग अपना फोन चेक करते हैं और आए दिन नए-नए वायरल कंटेंट से दो चार होते हैं। आज के समय में वायरल होना काफी ज्यादा आसान हो गया है। एक फोन से बनाया गया वीडियो कब पूरे देश और विदेश तक फैल जाता है, इसका अंदाजा वीडियो बनाने वाले को भी नहीं होता है। बीते कुछ समय से इंस्टाग्राम पर 'आए हाय, ओए होए... बदो बदी' गाने की धूम देखने को मिल रही है। हर दूसरा शख्स इस पर रील बनाकर लाइक्स बटोर रहा है। हालांकि, अब इस गाने के प्रेमियों को तगड़ा झटका लगा है। यूट्यूब ने पाकिस्तानी गायक चाहत फतेह अली खान के लोकप्रिय गाने को हटा दिया है।
यूट्यूब से हटाया गया 'बदो बदी' गाना
पाकिस्तानी गायक चाहत फतेह अली खान के लोकप्रिय गीतों में से एक 'बदो बदी' को कॉपीराइट उल्लंघन के कारण यूट्यूब से हटा दिया गया है। यह गाना पिछले महीने उनके आधिकारिक चैनल पर रिलीज किया गया था और इसे भारत और पूरे दक्षिण एशिया में काफी लोकप्रियता मिली। कॉपीराइट का मुद्दा गाने की धुन और रचना के इर्द-गिर्द घूमता है, जो कथित तौर पर मौजूदा संगीत के अंश जैसा दिखता है। बताया जा रहा है कि यह गाना 1973 में आई फिल्म 'बनारसी ठग' में नूरजहां की 'बदो बदी' की कॉपी है।