आमिर खान जो करते हैं, बहुत मन से करते हैं। फिल्म ‘धूम 3’ में वे टोपी पहने नजर आएंगे। उनका किरदार कुछ इस तरह से लिखा गया है कि उसमें टोपी का खास महत्व है।
ऐसे में जब आमिर को बताया गया कि उन्हें फिल्म के अनेक दृश्यों में टोपी पहने रहना है तो उन्होंने खुद अपने लिए टोपी खरीदने का फैसला किया।
आपको जान कर आश्चर्य होगा कि आमिर अपने लिए टोपी की खरीदारी करने लंदन गए! वे दुकान-दुकान घूमे और सैकड़ों टोपियां सिर पर सजा कर देखीं।
अंततः लंदन की किसी बड़ी दुकान के बजाय सड़कों पर लगने वाले बाजार से उन्हें पसंदीदा टोपी मिली। आमिर यहीं नहीं रुके। टोपी के साथ खुद को सामान्य बनाने के लिए वे शूटिंग शुरू होने से पहले ही कई दिनों तक टोपी पहने यहां-वहां गए और लोगों की राय जानी कि वे कैसे लग रहे हैं।
जब सब कुछ उनके मन के मुताबिक हो गया तो वे फिल्म के सैट पर टोपी पहन कर पहुंचे। अब देखना होगा कि आमिर की टोपी में ऐसा क्या जादू छुपा है जो दर्शकों को सिनेमाघर तक खींचेगा! फिल्म इस साल के आखिरी सप्ताह में रिलीज होगी।