इन दिनों अभिनेता आयुष्मान खुराना के सितारे बुलंदी पर हैं। वह इस समय कई फिल्मों में काम कर रहे है। पिछले साल अंधाधुन और बधाई हो जैसी सुपरहिट फिल्में में अभिनय का जौहर दिखा चुके आयुष्मान के खाते में एक और उपलब्धि जुड़ गई है। आयुष्मान की अगली फिल्म आर्टिकल 15 को लंदन में होने जा रहे एक बड़े फिल्म फेस्टिवल की ओपनिंग फिल्म के तौर पर चुना गया है।
2010 में शुरू हुआ लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल यूरोप का सबसे बड़ा दक्षिण एशियाई फिल्म फेस्टिवल है। इसमें भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के इंडिपेंडेंट फिल्म निर्माताओं द्वारा विशेष मुद्दों पर बनाई गई अलग अलग फिल्में को जगह दी जाती है। फिल्म आर्टिकल 15 को 20 जून को लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में दिखाया जाएगा।
अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी आर्टिकल 15 वास्तविक घटनाओ पर आधारित फिल्म है। इस फिल्म के निर्देशक अनुभव सिन्हा ने खुद रिसर्च कर वास्तविक कहानियों पर काम किया। आर्टिकल 15 भारतीय संविधान के आर्टिकल 15 पर आधारित फिल्म है जो धर्म, रंग, जाति, लिंग, और जन्मस्थान के आधार पर भेदभाव का विरोध करता है। अनुभव सिन्हा को तुम बिन, रा वन, दस और मुल्क जैसी कई फिल्मों के निर्देशन के लिए जाना जाता है। इस फिल्म में आयुष्मान के अलावा ईशा तलवार, सयानी गुप्ता, कुमुद मिश्रा और मोहम्मद जीशान अय्यूब जैसे सितारे नजर आएंगे।