सिनेमा जगत के सितारे अक्सर अपनी शोहरत का इस्तेमाल समाज की बेहतरी और लोगों को जागरुक करने के लिए करते हैं। इन कलाकारों की सूची में अब आयुष्मान खुराना का नाम भी जुड़ गया है। एक्टर ने बालशोषण के खिलाफ आवाज उठाते हुए इस मुद्दे पर सरकार और यूनिसेफ (संयुक्त राष्ट्र बाल कोष) के साथ हाथ मिला लिया है।
हिंदी फिल्म जगत से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, आयुष्मान ने इस विषय पर एक वीडियो शूट किया है। इस वीडियो में वह लोगों से हमारे आसपास हो रहे बाल शोषण जैसे क्रूर अपराध के बारे में अधिक सतर्क रहने और तुरंत संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना देकर इस तरह के घृणित अपराध के खिलाफ आवाज उठाने का अनुरोध कर रहे हैं। इस अभियान का लक्ष्य सोशल मीडिया, टीवी और सिनेमाघरों के जरिए पूरे देश के लोगों तक पहुंचना है। आयुष्मान इस मुहीम में सरकार और यूनिसेफ का हर स्तर पर साथ देंगे।
इस बारे में आयुष्मान ने बताया कि आखिर वह इस मुहिम का हिस्सा क्यों बने। उन्होंने कहा, एक जागरूक नागरिक के रूप में मैं उन मामलों में आवाज उठाना चाहूंगा जिन पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है। पॉक्सो (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) अधिनियम सरकार द्वारा उठाया गया एक महत्वपर्ण कदम है जिससे वह लोगों को जागरुक करती है और बच्चों के यौन शोषण के खिलाफ कानूनी समर्थन प्रदान करती है। एक्टर ने आगे कहा, बच्चों के खिलाफ किए अपराध जघन्य है। मैं सरकार और यूनिसेफ की तारीफ करता हूं कि वे हमारे देश के भविष्य को बचाने के लिए तत्पर हैं ।
गौरतलब है कि आयुष्मान खुराना फिल्म आर्टिकल 15 में एक पुलिस अफसर का किरदार अदा कर चुके हैं जो जाति व्यवस्था के कारण गुम हो चुकी एक बच्ची को ढूंढने में अपनी जी जान लगा देता है। वहीं एक्टर की आने वाली फिल्मों की बात करें तो जल्द ही आयुष्मान बाला और गुलाबो सिताबो में नजर आएंगे। वहीं इऩ दिनों वह शुभ मंगल ज्यादा सावधान की शूटिंग में भी व्यस्त हैं।