फिल्म में आयुष्मान खुराना के अलावा जितेंद्र कुमार, नीना गुप्ता, गजराज राव, मानवी गागरू, सुनीता राजवार और मनु ऋषि मुख्य किरदार में हैं। फिल्म में आयुष्मान और जितेंद्र समलैंगिक व्यक्तियों के किरदार में है जो एक दूसरे से प्यार करते हैं। हालांकि उनके विरोध में परिवार से लेकर पूरा समाज खड़ा हो जाता है। यह फिल्म अपने ट्रेलर के सामने आने के बाद से ही चर्चा में है। 'शुभ मंगल ज्यादा सावधान' 21 फरवरी 2020 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।
गौरतलब है कि यह फिल्म 2017 में रिलीज हुई फिल्म 'शुभ मंगल सावधान' की स्पिन ऑफ (उपोत्पाद) है, जिसे भूषण कुमार और आनंद एल रॉय मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म को लेकर आयुष्मान पहले ही अपनी उत्सुकता साझा कर चुके हैं। उन्होंने इसे एक मनोरंजक फिल्म करार दिया है जो साथ में संदेश भी देती है। इसे लेकर आयुष्मान का मानना है कि 'शुभ मंगल ज्यादा सावधान' एक मनोरंजक फिल्म है जो लोगों को एक खास संदेश भी देती है। इस फिल्म को गंभीर या सिर्फ संदेश देने वाली फिल्म कहना गलत होगा। यह पूरी तरह से सम्पूर्ण पैकेज फिल्म है जिस देखने के बाद दर्शक अपने साथ एक खास संदेश भी लेकर जाएंगे। आयुष्मान के अनुसार ऐसे मुद्दों को एंटरटेनमेंट के साथ ही परोसा जाना चाहिए नहीं तो ऐसी फिल्में डॉक्यूमेंट्री की तरह प्रतीत होने लगेंगी।