दम लगा के हइशा के बाद सुर्खियों में आई आयुष्मान खुराना और भूमि पेडनेकर की जोड़ी को अगले बरस एक और फिल्म मनमर्जियां में दिखना था। परंतु अब ऐसा नहीं होगा। फिल्म के करीब आधी बन जाने के बाद निर्माता आनंद एल.राय ने इसे बंद करने का फैसला किया है। इसके निर्देशन की बागडोर लव शव ते चिकन खुराना (2012) जैसी फ्लॉप फिल्म के निर्देशक समीर शर्मा के हाथों में थी।
जिस ढंग से फिल्म शूट होते हुए आकार ले रही थी, उससे राय नाखुश थे। इस साल जनवरी में घोषित इस फिल्म से मार्च में राय ने शर्मा को हटा दिया था। फिल्म का पहला शेड्यूल शिमला और अमृतसर में शूट हुआ परंतु इसके रशेज देख कर राय नाराज थे। उस समय कहा जा रहा था कि शर्मा के बाद वह निल बटे सन्नाटा की निर्देशक अश्विनी तिवारी को फिल्म की कमान सौपेंगें और जुलाई में इसकी शूटिंग होगी। मगर यह नहीं हुआ।
मनमर्जियां पंजाब की पृष्ठभूमि में एक त्रिकोणीय प्रेम कहानी थी। इस बीच खबर आई कि खुद हीरो-हीरोइन भी इस फिल्म से हटने का मन बना रहे हैं क्योंकि उनके पास अन्य प्रोजेक्ट हैं, जो मनमर्जियां की वजह से अटक गए हैं। अब बताया जा रहा है कि राय ने आधी-अधूरी बनी फिल्म को डिब्बे में बंद करने का फैसला कर लिया है।