अपने पिता बोनी कपूर की संगत में बचपन से रहकर अभिनेता अर्जुन कपूर ने सिनेमा का ज्ञान खूब सीखा है। अब वह यह ज्ञान बांटते भी दिख जाते हैं। वह डिजिटल दुनिया में अपनी एक दुकान चलाते हैं, जिसका नाम है, अर्जुन रिकमेंड्स बोले तो वह सब कुछ जो अर्जुन को बिल्कुल चिड़िया की आंख-सा जंचे।
अर्जुन के निशाने पर आजकल है दूरदर्शन पर फिर से प्रसारित हो रहा सीरियल ब्योमकेश बख्शी और वह चाहते हैं कि हर युवा को यह सीरियल जरूर देखना चाहिए। अर्जुन कहते हैं, “मेरे लिए ब्योमकेश एक ऐसा हीरो था, जैसा उसे होना चाहिए। मैंने स्क्रीन पर जितने भी जासूसों को अब तक देखा है, उनमें से वह सबसे चालाक, अति बुद्धिमान, करिश्माई और सबसे अच्छे लोगों में से एक है। लॉकडाउन में मैं ब्योमकेश को फिर से टीवी पर देख रहा हूं और यह मेरे लिए पुरानी यादों को फिर से जीने जैसा है।”
तो क्या कभी अर्जुन की भी इच्छा हुई कि वह जासूस बनें बड़े परदे पर? “मैं हमेशा लोगों का जीवन बचाने वाले एक जासूस की भूमिका निभाना चाहता रहा हूं। वैसे इंडियाज मोस्ट वांटेड में मैंने एक अंडरकवर एजेंट की भूमिका निभाकर देश की रक्षा करते हुए अपने बचपन के सपने को जिया। मुझे उम्मीद है कि मुझे एक दिन स्क्रीन पर जासूस की भूमिका निभाने का मौका ज़रूर मिलेगा।” अर्जुन जवाब देते हैं।