पैपराजी से बातचीत का वीडियो वायरल
7 जुलाई को मुंबई में अंशुला और रोहन की रिसेप्शन पार्टी रखी गई थी, जहां कई बड़े फिल्मी सितारे पहुंचे। इस मौके पर अर्जुन कपूर ने पैपराजी से मिलकर सबका दिल जीत लिया। पार्टी के दौरान अर्जुन कपूर खुद बाहर आए और पैपराजी से मिले। उन्होंने हाथ जोड़कर पैपराजी को शादी में आने और सुंदर तस्वीरें खींचने के लिए धन्यवाद दिया। इसके साथ ही उन्होंने मीडिया की तरफ से मिला फूलों का गुलदस्ता स्वीकार किया।
अर्जुन ने मांगी माफी
मुंबई की भारी बारिश को देखते हुए उन्होंने फोटोग्राफर्स से पूछा कि क्या उन्होंने खाना खाया। इसके साथ ही चिंता जताते हुए अर्जुन ने पैपराजी को जल्दी और सुरक्षित घर लौटने की सलाह भी दी। अर्जुन ने पैपराजी से थोड़ी देरी होने के लिए उनसे माफी भी मांगी।
अर्जुन कपूर का इमोशनल मैसेज
अर्जुन कपूर ने इंस्टाग्राम पर अपनी बहन के लिए एक बेहद भावुक पोस्ट लिखा। अर्जुन ने लिखा, 'तुम हमेशा मेरी रहोगी, लेकिन अब तुम्हें रोहन के साथ नई जिंदगी की शुरुआत करनी है। तुम्हें मुस्कुराता देख मेरा दिल खुश हो जाता है। मां हमेशा तुम्हें आशीर्वाद दे रही हैं। तुम्हारा अर्जुन भैया हमेशा तुम्हारे साथ रहेगा।'
रिसेप्शन में पहुंचे ये सितारे
अंशुला और रोहन की इस खुशी में शामिल होने के लिए बॉलीवुड के कई बड़े सितारे पहुंचे। इस लिस्ट में रेखा, जैकी श्रॉफ, बॉबी देओल, वरुण धवन, रितेश और जेनेलिया देशमुख, रकुल प्रीत सिंह जैसे कई सितारे रिसेप्शन में पहंचे। साथ ही कपूर परिवार से अनिल कपूर, जान्हवी कपूर और शनाया कपूर भी इस जश्न का हिस्सा बनीं।