कपिल के शो की वजह से रुका अर्चना का एक्टिंग करियर
अब 63 साल की अर्चना पूरन सिंह को ज्यादातर लोग ‘द कपिल शर्मा शो’ में जज के रूप में जानते हैं। उनकी हंसी को देखकर कोई भी आसानी से हंस देगा। इस कॉमेडी शो ने उन्हें नई पीढ़ी में बहुत लोकप्रिय बना दिया। लेकिन अर्चना कहती हैं कि इस शो की वजह से उनका एक्टिंग करियर काफी हद तक रुक गया।
एक इंटरव्यू में उन्होंने अपना दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि ‘कपिल शर्मा शो’ की वजह से उन्हें कई फिल्मों को मना करना पड़ा। पहले शो के लिए साल में 100 एपिसोड शूट होते थे, इसलिए उनके पास दूसरी फिल्मों की शूटिंग के लिए समय ही नहीं बचता था। अब तो आलम यह है कि कोई उन्हें फिल्मों के लिए ऑफर ही नहीं देता है।
अर्चना को ऑफल मिलने हुए बंद
एक बार अर्चना को स्कॉटलैंड में 25 दिनों की शूटिंग के लिए बुलाया गया, लेकिन उनके लिए कपिल के शो की शूटिंग छोड़कर जाना मुमकिन नहीं था। उन्होंने इतनी बार फिल्मों से मना कर दिया कि अब फिल्ममेकर उन्हें एक्टिंग के लिए ऑफर करना ही बंद कर चुके हैं।
अर्चना ने कहा, 'मैं कितनी भी कोशिश कर लूं, फिल्ममेकर्स को यकीन नहीं दिला पा रही कि मैं एक अच्छी एक्ट्रेस हूं। उन्हें लगता है कि मैं बस कुर्सी पर बैठकर हंसती रहती हूं। कोई भी मुझे रोल ऑफर नहीं कर रहा है।'
अर्चना की कमाई और वर्कफ्रंट
अर्चना यूट्यूब पर अपने व्लॉग और इंस्टाग्राम रील्स से भी अच्छी कमाई कर रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यूट्यूब से उन्हें हर महीने करीब 4.4 लाख से 6 लाख रुपये तक मिलते हैं। फिलहाल, अर्चना फिल्म ‘टोस्टर’ में नजर आ रही हैं।
‘टोस्टर’ में राजकुमार राव के साथ अर्चना का यह दूसरा काम है। इससे पहले अर्चना ‘विकी विद्या का वो वाला वीडियो’ में साथ काम कर चुकी हैं। इसके अलावा वह इब्राहिम अली खान और खुशी कपूर की फिल्म ‘नादानियां’ में भी नजर आई थीं। अब वह वेब सीरीज ‘आदर्श बाल विद्यालय’ में केके मेनन के साथ काम करेंगी।