-निर्देशक आर.बाल्कि ने शमिताभ की विफलता को भुलाते हुए अपनी अगली फिल्म की शूटिंग बहुत तेजी से पूरी कर ली है। हाल में इसका आखिरी शॉट दुबई में शूट किया गया। फिल्म में अर्जुन कपूर और करीना कपूर हैं।
यूं तो फिल्म की चर्चा इसकी शुरुआत से ही रही थी परंतु अब खबर है कि फिल्म में बाल्कि पहले करीना की जगह अनुष्का शर्मा को लेना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने अनुष्का से बात भी की थी। परंतु अनुष्का ने फिल्म में काम करना स्वीकार नहीं किया।
सूत्रों की मानें तो बाल्कि शुरुआत में अर्जुन-अनुष्का की युवा जोड़ी को पति-पत्नी के रूप में पर्दे पर पेश करना चाहते थे। लेकिन अनुष्का को यह बात जमी नहीं कि उन्हें फिल्म में एक बच्चे की मां के रूप में दिखाया जाए।
उन्होंने बाल्कि से कहा कि क्या उनका रोल सिर्फ अर्जुन की पत्नी का नहीं हो सकता? बाल्कि ने स्क्रिप्ट में बदलाव करने से इंकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने करीना को फिल्म के लिए एप्रोच किया और अर्जुन के साथ जोड़ी बनाई।
सूत्रों के अनुसार फिल्म में करीना एक महत्वाकांक्षी करिअर-केंद्रित पत्नी की भूमिका में हैं, जबकि अर्जुन उनसे सपनों को पूरा करने में मदद देने वाले ऐसे पति हैं जो घर पर रह कर बच्चे की देखभाल करता है।