सोशल मीडिया में सक्रिय रहने वाले जानते हैं कि ऋषि कपूर कैसे अपने दिल की बात कहने में दो पल नहीं लगाते। फिर भले ही बात दूसरे का दिल चीर दे। कुछ महीनों पहले उन्होंने निर्माता-निर्देशक अनुराग कश्यप को खूब खरी-खरी सुनाई थी। अनुराग की फिल्म बॉम्बे वेलवेट और उनके भाई की बेशर्म ने ऋषि कपूर के बेटे रणबीर के करिअर की दौड़ती गाड़ी को पटरी से उतार दिया है। यह बात इस सीनियर ऐक्टर को खूब चुभती है।
परंतु जब बॉम्बे वेलवेट की फीस की आखिरी किस्त (12 करोड़ रुपये) भी रणबीर को नहीं चुकाई गई थी तो ऋषि कपूर का गुस्सा सातवें आसमान पर था। खैर, अब अनुराग को मौका मिला है और वह ऋषि को पटाने में लग गए हैं।
हाल में ऋषि कपूर की नई फिल्म का ट्रेलर लॉन्च हुआ है और अनुराग ने तुरंत सोशल मीडिया में उसकी तारीफ लिखते हुए कहा है कि वह यह फिल्म जरूर देखना चाहेंगे। वैसे रणबीर भी कश्यप बंधुओं से दिल ही दिल में नाराज हैं। देखना यह है कि क्या अनुराग के मुंह से तारीफें सुन कर कपूर पिता-पुत्र का गुस्सा शांत होगा?