अनुराग का माफीनामा
इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट साझा करते हुए अनुराग कश्यप ने लिखा, 'यह मेरी माफी है, मेरी पोस्ट के लिए नहीं, बल्कि उस एक पंक्ति के लिए जिसे संदर्भ से बाहर निकाल दिया गया और जो नफरत फैला रही है। कोई भी काम या भाषण इस लायक नहीं है कि आपकी बेटी, परिवार, दोस्त और सहकर्मी को संस्कार के सरगनाओं से बलात्कार और मौत की धमकियां मिलें। जो कहा गया है उसे वापस नहीं लिया जा सकता है और मैं इसे वापस नहीं लूंगा, लेकिन अगर आप किसी को गाली देना चाहते हैं तो मुझे ही दें। मेरे परिवार ने न तो कुछ कहा है और न ही वे कभी बोलते हैं।'
'फुले' विवाद पर नाराज अनुराग
इससे पहले अनुराग को अपने विवादित बयान के लिए कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा, जिसमें उन्होंने जाति विशेष पर अभद्र टिप्पणी की थी। प्रतीक गांधी और पत्रलेखा अभिनीत 'फुले' बहुप्रतीक्षित बायोपिक में से एक है, जो 19वीं सदी के भारत में जाति और लैंगिक असमानता को चुनौती देने में फुले दंपत्ति के क्रांतिकारी कार्य को दर्शाती है। यह मूल रूप से 11 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी।
इस दिन रिलीज होगी फुले
अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज और परशुराम आर्थिक विकास महामंडल उन संगठनों में से हैं, जिन्होंने फिल्म की विषय-वस्तु पर आपत्ति जताई है। सेंसर बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने संशोधनों का सुझाव दिया, जिसे निर्माताओं ने शामिल किया। निर्माताओं ने फिल्म को दो हफ्ते के लिए स्थगित करने का फैसला किया, ताकि वे लोगों से बातचीत कर सकें और बता सकें कि फिल्म में आपत्तिजनक विषय-वस्तु नहीं है। 'फुले' विवाद पर ही अनुराग ने अपना गुस्सा जाहिर किया था। यह फिल्म अब 25 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।