लीजिए एक रूपए का एक और किस्सा। अब अनुराग कश्यप ने मेहनताने के लिए एक रूपया चार्ज किया है।
रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'हंसी तो फंसी' के डायलॉग लिखने के लिए अनुराग कश्यप ने सिर्फ एक रुपया ही चार्ज किया है। धर्मा प्रोडक्शन और फैंटम फिल्म्स की इस फिल्म में यूं तो हर्ष कुलकर्णी के संवाद हैं, लेकिन अनुराग ने भी बहुत सारे डायलॉग लिखे हैं।
दरअसल नॉर्थ का फ्लेवर डालने के लिए अनुराग कश्यप की सहायता ली गई है। अनुराग को जब उत्तर भारत के एक खास इलाके की भाषा में डायलॉग लिखने के लिए कहा गया, तो उन्होंने यह काम स्वीकार कर लिया।
जब उनसे फीस पूछी गई, तो उन्होंने यह कहकर चौंका दिया कि वे मात्र एक रुपया लेंगे। दरअसल अनुराग फैंटम फिल्म्स से बतौर निर्माता जुड़े हुए हैं। विनी मैथ्यू के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा की जोड़ी है।