अगर पिता जावेद अख्तर जैसा मशहूर पटकथा लेखक हो तो भला कोई बाहर कोशिश क्यों करेगा, लेकिन एक्टर-डायरेक्टर फरहान अख्तर की सोच इस मायने में अलग है। लगातार दो फ्लॉप फिल्में दे चुके फरहान करियर का करियर इन दिनों बहुत नाजुक दौर से गुजर रहा है। रॉक ऑन 2 और लखनऊ सेंट्रल का बॉक्स ऑफिस पर इतना बुरा हश्र होगा, ये फरहान ने सपने में नहीं सोचा होगा। फरहान अब अपनी अगली फिल्म के लिए दमदार स्क्रिप्ट की तलाश में हैं। उनका महात्वाकांक्षी प्रोजेक्ट डॉन 3 हाशिये पर जा चुका है।
शाहरुख खान और फरहान के बीच क्या हुआ, ये कोई नही जानता लेकिन शाहरुख के करीबी सूत्रों का कहना है कि शाहरुख डॉन 2 की इस सीक्वेल को लेकर बहुत ज्यादा उत्साहित नहीं हैं। फिल्म जीरो के बाद शाहरुख की फिल्म सारे जहां से अच्छा शुरू होने वाली है जिसे लेखक अंजुम रजबअली लिख रहे हैं। फरहान को लगता है कि अंजुम उनकी कड़ियां शाहरुख से फिर से जोड़ सकते हैं। इसके चलते वह अंजुम से कई बार मिल भी चुके हैं। अंजुम की एक और स्क्रिप्ट को खरीदने के बहाने फरहान और अंजुम की बैठकें लगातार बढ़ रही हैं। लेकिन, शाहरुख किसी राइटर के कहने पर फरहान की कोई फिल्म करेंगे, इस बात में संशय है।