पिछले दिनों अपने बेटे उत्कर्ष की लॉन्चिंग की घोषणा करने वाले निर्देशक अनिल शर्मा ने अब हीरोइन की तलाश शुरू कर दी है। परंतु इस बार सर्च ग्लोबल होगी। हीरोइन ढूंढने के लिए शर्मा आज दो वेबसाइट लॉन्च कर रहे हैं।
गदर जैसी फिल्म से इतिहास रचने वाले निर्देशक अनिल शर्मा की एक ठोस पहचान यह भी है कि उन्होंने हिंदी सिनेमा को खूबसूरत नायिकाएं दी हैं। अनिल एक बार फिर नई नायिका की तलाश में हैं मगर इस बार उनकी तलाश कुछ नए रास्तों से होकर बढ़ेगी। इस बार अनिल अपनी अगली फिल्म जीनियस के लिए देश-विदेश में अपनी नायिका को ढूंढ रहे हैं क्योंकि इस फिल्म से वह अपने बेटे उत्कर्ष को सिनेमा के पर्दे पर ला रहे हैं। बीती 14 जुलाई को अनिल ने उत्कर्ष की लॉन्चिंग की घोषणा की थी। अब वह आठ सितंबर से नायिका की तलाश शुरू कर रहे हैं। इस तलाश के लिए अनिल दो वेबसाइट लॉन्च कर रहे हैं www.aspcasting.com और www.Genuiscasting.com।
अनिल शर्मा ने इस मौके पर अमर उजाला से विशेष बातचीत में कहा, ‘बहुत सारा टैलेंट अनदेखा ही छुपा है। हम हीरोइन की तलाश में अपनी वेबसाइट इसलिए लॉन्च कर रहे ताकि हरेक प्रतिभा को मौका मिल सके। मुझे ऐसे युवा चेहरे की तलाश है जो पहली नजर में मोह ले। मैं उससे बॉर्न ऐक्टर होने की उम्मीद नहीं करता लेकिन इतना जरूर है कि उसमें एक्टिंग के लिए जुनून होना चाहिए।’ अनिल शर्मा ने कहा कि मैंने जितनी भी हीरोइनों को आज तक लॉन्च किया, उनमें एक बात जरूर कॉमन थी कि सबमें बॉलीवुड और एक्टिंग के लिए जबर्दस्त पैशन था।