अनिल ने पत्नी को दी शादी की सालगिरह की बधाई
अनिल कपूर ने पत्नी सुनीता के साथ इंस्टाग्राम पर कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं। उन्होंने शादी की सालगिरह की बधाई देते हुए लिखा, 'हमारी शादी को 42 साल हो गए हैं और हम दोनों पिछले 53 साल से साथ हैं। पता नहीं कैसे, लेकिन हर बीतता साल पिछले साल से भी ज्यादा खूबसूरत और खुशियों से भरा लगता है।'
सिर्फ 30 मिनट में हुई थी अनिल और सुनीता की शादी
अनिल ने आगे लिखा, 'हमारी शादी बहुत ही साधारण थी, जो सिर्फ तीस मिनट में हो गई थी। न तो हम कहीं हनीमून पर गए और न ही कोई दिखावा था। शादी में बस हमारे माता-पिता, कुछ करीबी लोग और हम दोनों ही थे। मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि वे तीस मिनट, 53 साल के लंबे साथ में बदल जाएंगे। लोग सच ही कहते हैं कि जोड़ियां स्वर्ग में बनती हैं, हमारी जोड़ी भी पक्का वहीं बनी थी।'
अनिल को सुनीता पर रहा है पूरा विश्वास
अनिल ने आगे लिखा, 'मैंने यह बात पहले भी कही है और हमेशा कहता रहूंगा कि हमारे रिश्ते में सब कुछ इतना अच्छा सिर्फ तुम्हारी वजह से है। तुम ही वो वजह हो, जिसके कारण मैं अपने सारे सपने पूरे कर पाया, लाइफ में रिस्क ले पाया और बिना किसी चिंता के फिल्मों की शूटिंग कर पाया। मुझे हमेशा यह भरोसा था कि तुम घर और परिवार को बहुत ही प्यार और अच्छे तरीके से संभाल लोगी।'
अनिल ने साथ देने के लिए सुनीता का किया शुक्रिया
अनिल ने आगे लिखा, 'मुझे अपना जीवनसाथी चुनने के लिए तुम्हारा बहुत-बहुत शुक्रिया। हर एक दिन, पूरे 53 साल तक। मैं तुम्हारे इस साथ की बहुत कद्र करता हूं। मेरी सबसे अच्छी दोस्त, मेरी जीवनसाथी और मेरी पूरी दुनिया- तुम्हें शादी की सालगिरह बहुत-बहुत मुबारक हो, मेरा प्यार। आने वाले साल में भी हम ऐसे ही खुश रहें।'