बाहुबली और बाहुबली-2 जैसी फिल्में बनाकर इतिहास रचने वाले फेमस फिल्मकार एस.एस राजामौली एक बार फिर खबरों में बने हुए है। हाल ही में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू ने ब्रिटेन की आर्किटेक्चरियल फर्म को अमरावती में बनने वाली बिल्डिंग के डिजाइन के लिए राजामौली से उनके सुझाव लेने के लिए कहा है।
पढ़ें- कमल हसन का बड़ा बयान, 'तमिलनाडु की पॉलिटिक्स में लाना चाहता हूं बदलाव'
बता दें कि कुछ ही दिनों में राजामौली लंदन के लिए रवाना होने वाले हैं। यहां पहुंचकर वो ब्रिटिश फर्म फॉस्टर एंड पार्टनर्स को डिजाइन से जुड़े अपने विचार रखेंगे। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री नायडू भी इसके लिए 25 अक्तूबर को लंदन की ब्रिटिश फर्म जाकर हाईकोर्ट और विधानसभा के फाइनल मॉडल्स को देखेंगे।
गौरतलब है कि तेलंगाना के गठन के बाद आंध्र प्रदेश की नई राजधानी अमरावती को एक बार फिर नए सिरे से दोबारा बसाया जा रहा है। नई बनने वाली इमारतों में आंध्र प्रदेश की विधानसभा और हाईकोर्ट भी शामिल हैं।जिसके लिए ब्रिटेन की आर्किटेक्चरियल फर्म की भी मदद ली गई है। खबरों की मानें तो अमरावती को सिंगापुर मॉडल की तर्ज पर बनाया जाना है।