केरल के एक मंत्री द्वारा मलयाली फिल्म कलाकार संघ (एएमएमए) की कार्यवाही पर सवाल उठाए जाने के बाद अब एएमएमए ने कहा है कि वुमेन्स कलेक्टिव इन सिनेमा ने मामले को लेकर काफी बचकाना रवैया अपनाया है।
एएमएमए के सचिव सिद्दीकी और वरिष्ठ सदस्य केपीएसी ललिता ने कहा कि इस मामले में आरोपी दिलीप ने संगठन से पहले ही इस्तीफा दे दिया था उनका इस्तीफा 10 अक्टूबर को एएमएमए अध्यक्ष मोहनलाल को सौंप दिया गया लेकिन बावजूद इसके वुमेन्स कलेक्टिव इन सिनेमा के सदस्यों ने एएमएमए के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
एमएमए के सचिव सिद्दीकी और वरिष्ठ सदस्य केपीएसी ललिता ने कहा कि एएमएमए उन अभिनेत्रियों को दोबारा संगठन में शामिल नहीं करेगा जिन्होंने पहले इस मुद्दे को उछालकर संगठन छोड़ दिया था। सिद्दीकी ने ये भी कहा कि आरोपी दिलीप को एक्ट्रेस के बयान के आधार पर पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
बता दें डब्ल्यूसीसी का गठन पिछले साल फिल्म जगत के विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं द्वारा किया गया था ताकि उनके हक के लिए लड़ा जा सके। यह कदम महिलाओं ने उस वक्त उठाया जब उन्होंने पाया कि एएमएमए उनके हितों की रक्षा नहीं कर रहा है।
शनिवार को अभिनेत्री रेवती के नेतृत्व में डब्ल्यूसीसी की एक लंबी प्रेस वार्ता हुई थी जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि एएमएमए पीड़ितों का समर्थन नहीं कर रहा है, बल्कि दिलीप को सभी प्रकार का समर्थन दिया जा रहा है।