देश में भले ही कोरोना के मामलों में कमी आई हो लेकिन यह अभी भी अपने पैर पसार रहा है। अब अभिनेता अमिताभ बच्चन एक बार फिर से कोरोना की चपेट में आ गए हैं। जिसकी जानकारी उन्होंने ट्वीट के जरिए दी थी। इसके साथ ही उन्होंने संपर्क में आए लोगों से एहतियात बरतने के साथ ही जांच करवाने की अपील भी की है।
संपर्क में आए लोगों से की जांच करवाने की अपील
अभिनेता अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर जानकारी देते हुए लिखा- 'मेरा कोविड टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है, वह सभी लोग जो मेरे आस पास रहे या मेरे संपर्क में आए हैं, कृपया अपनी जांच करवाएं'। इसके बाद फैंस उनकी शीघ्र ठीक होने की कामना करते नजर आए।
बोले जहां थे वहीं खड़े रह गए
बिग बी ने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी देने के बाद एक और ट्वीट किया और लिखा- 'T 4389 - बहुत तेज़ दौड़ने की सोच रहे थे ; ऊपर से एक फ़रमान गिरा, जहां थे वहीं खड़े रह गए'।
ब्लॉग के जरिए दिया हेल्थ अपडेट
इसके अलावा अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग के जरिए फैंस को हेल्थ अपडेट देने के साथ ही प्रार्थना और दुआएं करने लिए भी धन्यवाद कहा। अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में कहा- उन लोगों के लिए जिन्होंने मुझे अपना कंसर्न और प्रार्थनाएं भेजी हैं...उनका प्यार और मेरे ठीक होने के लिए अपार हृदय आभार, मैं कृतज्ञता के साथ हाथ जोड़कर आभार व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही उन्होंने कहा- मेरा स्वास्थ्य बुलेटिन देने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन हां मैं आपको अपडेट रखूंगा।
कौन बनेगा करोड़पति को होस्ट कर रहे हैं बिग बी
गौरतलब है कि इस समय अमिताभ बच्चन सोनी टीवी के शो कौन बनेगा करोड़पति सीजन 14 को होस्ट कर रहे हैं और इसी के चलते लोगों से उनका मिलना-जुलना हो रहा हैं।