अमिताभ बच्चन आज 75 वें साल में दस्तक दे चुके हैं। हर बार की तरह उन्होंने अपना जन्मदिवस मीडिया और फैंस के साथ मिलकर मनाया। इस मौके पर उन्होंने सीमा पर और आतंकियों के खिलाफ लड़ रहे वीर जवानों को सम्मान देने को कहा। उनसे जब उरी हमलों के मद्देनजर पाकिस्तानी कलाकारों के प्रतिबंध पर पूछा गया तो उन्होंने हाथ जोड़ लिए। उन्होंने इस मसले पर फिल्म बिरादरी में दो फाड़ पर दो टूक जवाब दिया।
उन्होंने कहा, ' यह हम जानते हैं कि सीमा पर जो कुछ हुआ, उससे सारा देश इस समय गुस्से में है। लिहाजा किसने क्या कहा, क्यों कहा, इस पर चर्चा का यह सही वक्त नहीं है। यह वक्त वीर जवानों और सैनिकों की शहादत और उनके त्याग को सम्मान देने का है। उनके बलिदानों की वजह से ही हम आप खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं। हमारे जवानों ने जो किया है उसके लिए हमें एकता दिखाने की जरूरत है।
-हर जगह के कलाकार सम्मान के हकदार हैं
अमिताभ बच्चन ने पाकिस्तानी कलाकारों के प्रतिबंध पर सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने जवानों के बलिदान को याद और सम्मानित करने की अपील की। उनसे जब दुबारा पूछा गया कि किसी भी मुल्क, प्रदेश और प्रांत के कलाकारों को किसी भी कारण से प्रतिबंधित किया जाए तो उनका जवाब कुछ और था। उन्होंने कहा,' इस तरह के सवाल पर मेरा जवाब वही रहेगा, जो मैं कह चुका हूं। वह यह कि यह समय वीर जवानों की शहादत को सम्मानित करने का है। बाकी मैं हर जगह के कलाकारों का सम्मान करता हूं। वे इसके हकदार हैं।
कब आएगी अमिताभ बच्चन की बायोपिक ?
अमिताभ बच्चन
-मेरी बायोपिक घाटे का सौदा
इन दिनों बायोपिक फिल्मों का दौर है। बिग बी की जिंदगी पर बायोपिक बननी चाहिए कि नहीं? इस सवाल पर अमिताभ ने कहा, ' बिल्कुल न बने। वरना निर्माता को भारी नुकसान होगा। आपसे गुजारिश है कि यह आइडिया किसी को दे भी न। मुझ पर बनी बायोपिक फ्लॉप ही होगी।'
-स्मार्टफोन के हैं सौ फायदे
ऐश्वर्या राय बच्चन ने हाल में सोशल मीडिया और स्मार्टफोन को वक्त जाया करने का जरिया बताया था। अमिताभ बच्चन ऐसा नहीं मानते। वे कहते हैं, ' मेरी राय अलग है। मैं तो मानता हूं कि इससे तो संपर्क का दायरा बढ़ता ही है। न सिर्फ तकनीकी तौर पर, बल्कि लोग जेहनी तौर पर भी जुड़ते हैं। लोग इसे भले वर्चुअल कह कर खारिज करें, पर यह बड़े काम की चीज है। सच में देखें तो यह रीयल वर्ल्ड पर भारी पड़ता है।
-इरादतन नहीं करता मैसेज वाली फिल्में
अमिताभ बच्चन की हालिया फिल्म पिंक में महिला आजादी और उनकी ख्वाहिशों पर सवाल उठाने वालों पर करारा तमाचा जड़ा गया था। पिंक से पहले भी बिग बी ने संदेशपरक फिल्में की थीं। क्या वे इरादतन ऐसी फिल्में करते हैं? इस सवाल पर उनका जवाब था,' कतई नहीं। मैं इस ख्याल के साथ फिल्में नहीं करता कि वह समाज पर गहरा असर छोड़ेगी। लोग सामाजिक सुधार को अग्रसर हो जाएंगे। जो भी निर्माता-निर्देशक मुझे कहानी और किरदार ऑफर करते हैं, वे पसंद आने पर ही मैं उन्हें स्वीकार करता हूं। यह ख्याल मेरे मन में कतई नहीं रहता कि चलो किसी फिल्म से अच्छाई का संदेश फैलेगा तो वह कर लेते हैं।
आमिर खान के फैन हैं अमिताभ बच्चन
अमिताभ बच्चन
- केबीसी के बारे में कुछ मालूम नहीं
फिल्मों के साथ-साथ अमिताभ बच्चन बहुत जल्द छोटे पर्दे पर भी दिखेंगे। गेम शो कौन बनेगा करोड़पति के आगामी सीजन के बारे में उन्होंने कहा, ' यह छोटे पर्दे का नायाब शो है। यह ज्ञान, प्रतिभा और जुनून तीनों को एक साथ एक मंच पर लाता है। इसमें किसी व्यक्ति की जिंदगी में काया पलट करने की कुव्वत है। इस शो का एंकर होने के नाते, मुझे यह चीज खुशी और गुरूर की अनुभूति प्रदान करता है। इसके अगले सीजन पर बहुत जल्द आधिकारिक घोषणा मुमकिन है।'
-अलहदा हैं आमिर : अमिताभ बच्चन
मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान के मुरीदों की लंबी लिस्ट है। उस फेहरिस्त में अमिताभ बच्चन भी शामिल हैं। दोनों बहुत जल्द यशराज फिल्म्स की 'ठग्स ऑफ हिंदुस्तान' की शुटिंग शुरू करने वाले हैं। आमिर खान की काबिलियत पर बिग बी ने कहा, ' आमिर महान कलाकार और स्टार हैं। वे सालों से इंडस्ट्री और बॉक्स ऑफिस पर राज कर रहे हैं। मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं, जो उनके संग काम करने करने का मौका मिला है।
-अब भी बरकरार है काम की भूख : अमिताभ बच्चन
स्टारडम का दौर एन्ज्वॉय कर चुके महानायक अमिताभ बच्चन को उम्र के इस पड़ाव पर भी हर तरह के काम से खुशी मिलती है। वे कहते हैं, ' मुझे आज भी हर तरह के काम में मजा आता है। कैमरे के सामने अदाकारी करता हूं तो सुकून मिलता है। सोशल मीडिया पर लोगों के साथ जो व्यवहार होता है, लेन-देन होता है अनुभव का। उससे बहुत सुकून मिलता है। परिवार और दोस्तों के साथ बिताए समय से भी काफी सुकून मिलता है। लगातार काम करने में कोई बुराई नहीं है।