Amitabh Bachchan, Muhammad Ali
- फोटो : amar ujala
बालीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन फिल्मों के अलावा सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं। इसके जरिए वह अपने फैंस को खास संदेश देने के अलावा अपनी जिंदगी के बारे में भी खुलासे करते रहते हैं। इस बार अमिताभ बच्चन ने मशहूर निर्माता-निर्देशक प्रकाश मेहरा को लेकर खुलासा किया है। बिग बी ने बताया कि प्रकाश मेहरा उन्हें और मशहूर बॉक्सर मुहम्मद अली को लेकर एक फिल्म बनाने वाले थे। इस बात का खुलासा अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉक के जरिए किया है।
अमिताभ बच्चन ने मुहम्मद अली और प्रकाश मेहरा के साथ उस मुलाकात की एक तस्वीर साझा करते हुए अपने ब्लॉग में लिखा, “वह मदहोश करने वाली रात थी। मुहम्म्द अली को कई बार जीतते हुए देखा था और टाइसन से नजर नहीं हटती थी....तभी अचानक लॉस एंजिल्स के बेवर्ली हिल्स में रहने वाले इस शख्स से मुलाकात.....।”
उन्होंने लिखा, “प्रकाश मेहरा हम दोनों के साथ एक फिल्म बनाना चाहते थे। लेकिन उस मुलाकात के बाद वह बात आगे नहीं बढ़ पायी।” बच्चन ने कहा कि वह आज तक जितने भी लोगों से मिले, मुहम्मद अली उनमें सबसे विनम्र थे।
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में ये भी बताया कि किस तरह प्रकाश मेहरा एक शानदार निर्देशक थे। आपको बता दें कि प्रकाश मेहरा बॉलीवुड के दिग्गज निर्देशकों में से एक थे। उन्होंने ज्यादातर अमिताभ बच्चन की फिल्मों का निर्देशन किया। प्रकाश मेहरा ने जंजीर, हेरा-फेरी,लावारीस, नमक हलाल और शराबी जैसी कई शानदार फिल्मों का निर्देशन किया।
पढ़ें: फैन ने शाहरुख खान से पूछा सवाल- 'फिल्म कब साइन करेंगे', किंग खान ने दिया ये शानदार जवाब