अमिताभ बच्चन और दिवंगत निर्देशक चंद्र बरोट
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
रविवार सुबह 86 साल के मशहूर निर्देशक चंद्र बरोट के निधन की खबर सामने आई। इस निर्देशक ने अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘डॉन’ का निर्देशन किया था। अपने इस पुराने निर्देशक के निधन की खबर से अमिताभ बच्चन भी दुखी हैं। बिग बी ने अपने ब्लॉग के जरिए चंद्र बरोट को श्रद्धांजलि दी है। अपने इस निर्देशक के लिए ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने क्या लिखा? जानिए।
बिग बी ने निर्देशक को याद कर यह संदेश लिखा
अपनी ब्लॉग पोस्ट में अमिताभ बच्चन लिखते हैं, ‘एक और दुख भरा पल। मेरे प्यारे दोस्त और 'डॉन' के निर्देशक चंद्र बरोट का आज सुबह निधन हो गया। इस नुकसान को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। हां, हमने साथ काम किया था लेकिन वह एक फैमिली फ्रेंड भी थे। मैं सिर्फ उनके लिए प्रार्थना कर सकता हूं।’
‘डॉन’ बन गई कल्ट फिल्म
चंद्र बरोट ने 1978 में 'डॉन' फिल्म के साथ अपने निर्देशन करियर की शुरुआत की थी। फिल्म में अमिताभ बच्चन ने डबल रोल किया था। एक डॉन के किरदार में वह दिखे और दूसरा एक सीधे-सरल शख्स के किरदार में नजर आए। इस फिल्म को वक्त के साथ कल्ट का दर्जा हासिल हुआ। फिल्म इतनी पाॅपुलर रही कि बाद में इसका रीमेक भी बना। रीमेक में शाहरुख खान ने लीड रोल निभाए। रीमेक फिल्म को फरहान अख्तर ने साल 2011 में बनाया था।
फरहान अख्तर ने भी निर्देशक के निधन पर दुख जताया
फरहान अख्तर ने भी इंस्टाग्राम के जरिए निर्देशक चंद्र बरोट को श्रद्धांजलि दी। वह अपनी पोस्ट में लिखते हैं, ‘यह जानकर दुख हुआ कि ‘ओजी डॉन’ के निर्देशक अब नहीं रहे। चंद्र बरोट जी की आत्मा को शांति मिले। उनके परिवार के साथ मेरी गहरी संवेदना हैं।’ 'डॉन' फिल्म के अलावा चंद्र बरोट ने 1989 की बंगाली फिल्म 'आश्रिता' का भी निर्देशन किया।