बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पेज पर कुछ तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों को वे अपने लिए बेहद खास बताते हैं।
अमिताभ बच्चन ने "और आज दक्षिण भारत के दिग्गजों के साथ" कैप्शन देते हुए गुरुवार को अपनी फेसबुक वॉल पर दो तस्वीरों के अलावा दक्षिण भारतीय परिवेश में अपनी दो फोटो भी शेयर किए।
तस्वीरों में दक्षिण के कई दिग्गज स्टार आ रहे नजर
अमिताभ बच्चन ने लिखा, "ये उन महान अभिनेता और कलाकार के बच्चे हैं जिन्होंने मेरे करियर के शुरुआती सालों में खास और बेहद अहम भूमिका निभाई। मैं इन बच्चों के साथ एक मंच शेयर करते हुए बहुत खुशी महसूस कर रहा हूं।"
तस्वीरों में तमिल, मलयालम आदि दक्षिण भारतीय फिल्मों के दिग्गज कलाकारों की अगली पीढ़ी दिखती है।
एक तस्वीर में हैं तमिल सिनेमा के महानायक शिवाजी गणेशन के बेटे प्रभु गणेशन और प्रभु के बेटे विक्रम गणेशन, कर्नाटक सिनेमा के दिग्गज डॉ। राजकुमार के बेटे शिवा, तेलुगू सिनेमा के पितामह कहे जाने वाले अक्किनेनी नागेश्वर राव के बेटे नागार्जुन और मलयालम सिनेमा की चहेती मंजू वॉरियर मौजूद।
सम्मान से अभिभूत हैं अमिताभ बच्चन
अमिताभ अपने पोस्ट में कहते हैं, "ऐसी शख्सियतों के साथ एक ही फ्रेम में आना मेरा सौभाग्य है। ये ऐसा है जैसे तस्वीरों में अतीत की विरासत लिए वर्तमान उतर आया हो।"
वे आगे कहते हैं, "इन बच्चों ने मुझे जो आदर और सम्मान दिया है उससे मैं अभिभूत हूं।" इन तस्वीरों में वे दक्षिणी भारतीय वेश-भूषा और अंदाज में दिखाई दे रहे हैं।