अमित त्रिवेदी का जन्म मुंबई में हुआ। गुजराती मूल के परिवार से होने के कारण भक्तिमय गीतों, लोक संगीत के संपर्क में वह बचपन में आए गए। इस कारण अमित का रुझान संगीत की तरफ हुआ। अमित ने कॉलेज तक आते-आते मन बना लिया था कि म्यूजिक की दुनिया में करियर बनाना है।
कॉलेज में बनाया म्यूजिक बैंड
अमित त्रिवेदी ने कॉलेज में अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर एक म्यूजिक बैंड बनाया लिया, जिसका नाम ‘ओम द फ्यूजन बैंड’ था। अमित अपने म्यूजिक बैंड के साथ छोटे-छोटे शो करने लगे। इन्हीं म्यूजिक परफॉर्मेंस को देखकर उन्हें एक एल्बम करने का ऑफर मिला, जो ज्यादा चली नहीं लेकिन अमित को म्यूजिक इंडस्ट्री में पहचाना जरूर जाने लगा। अमित अपने रास्ते पर चलते रहे, टीवी शो, रेडियो जिंगल्स के लिए म्यूजिक देते रहे। साल 2004 में उन्होंने एक मराठी फिल्म ‘उत्तरायण’ के लिए म्यूजिक दिया, इसमें कई सारे म्यूजिशियन को वह साथ लेकर आए।
देव डी में दोस्ती की वजह से मिला मौका
अमित त्रिवेदी शुरुआती संघर्ष के दौर में थे, इसी बीच उनकी दोस्त और सिंगर शिल्पा राव ने निर्देशक अनुराग कश्यप से मिलवाया। अनुराग को नए म्यूजिक कंपोजर की तलाश थी। अमित ने अनुराग की फिल्म ‘देव डी’ के लिए साउंड ट्रैक कंपोज किया। ‘देव डी’ अमित की बतौर कंपोजर पहली फिल्म होती लेकिन यह समय पर रिलीज नहीं हो पाई। ऐसे में अनुराग कश्यप ने अमित त्रिवेदी को राजकुमार गुप्ता से मिलवाया वह फिल्म ‘आमिर’ बना रहे थे। इस फिल्म में अमित त्रिवेदी ने बेहतरीन साउंडट्रैक तैयार किया, फिल्म रिलीज हुई और इसके गाने, म्यूजिक हिट रहा। अमित को भी इंडस्ट्री में पहचान मिल गई।
अनुराग की फिल्म के जरिए छा गए अमित त्रिवेदी
फिल्म ‘आमिर’ के बाद फिल्म ‘देव डी’ भी रिलीज हुई। इस फिल्म के म्यूजिक, गानों को दर्शकों ने, म्यूजिक लवर्स ने खूब पसंद किया। फिल्म ‘देव डी’ में अमित ने कई बेहतरीन साउंड ट्रैक बनाए, साथ ही पांच गाने गाए भी और एक गाना ‘आंख मिचोली’ लिखा भी था। इस फिल्म के सबसे हिट गानों में ‘इमोशनल अत्याचार’, ‘साली खुशी’, ‘परदेसी’, ‘नयन तरसे’ शामिल हैं। इस फिल्म के लिए कई अवॉर्ड भी अमित त्रिवेदी को मिले, साथ ही इंडस्ट्री में एक अलग पहचान भी बतौर सिंगर-कंपोजर मिली।
चार साल देकर म्यूजिक बनाया-फिल्म हुई फ्लॉप
अमित त्रिवेदी ने फिल्म ‘बॉम्बे वेलवेट(2015)’ के लिए गाने तैयार करने में चार साल का समय दिया। इस फिल्म को भी अनुराग कश्यप ने निर्देशित किया था। जब यह फिल्म नहीं चली, इसके गानों को भी सराहा नहीं गया तो अमित त्रिवेदी बहुत निराश हुए। इस फिल्म का बजट भी लगभग 115 करोड़ रुपये बताया गया था। यूट्यूबर राज शमानी के पॉडकास्ट पर अमित त्रिवेदी ने बताया था कि जब फिल्म ‘बॉम्बे वेलवेट’ के गाने नहीं चले तो उन्हें काफी दुख हुआ। अमित तो यहां तक सोचने लगे थे कि कोई आइटम सॉन्ग बनाते हैं। लेकिन उन्होंने खुद को समझाया और अपने गानों में एक्सपेरिमेंट करते रहे। इस कोशिश की वजह से अमित त्रिवेदी बॉलीवुड फिल्मों में बेहतरीन गाने गा पाए, कंपोज कर पाए।