'तुम तो ठहरे परदेसी' (1997) एलबम से प्रसिद्धि पाने वाले गायक-संगीतकार अल्ताफ राजा अब इसका दूसरा भाग ला रहे हैं। उनका कहना है कि यह इस दिवाली से पहले रिलीज होगा।
अल्ताफ ने बताया, "मैं 'तुम तो ठहरे परदेसी' भाग दो पर काम करने में व्यस्त हूं।" उन्होंने कहा, "इसमें कम से कम चार से पांच गाने होंगे। एलबम दिवाली से पहले रिलीज होगी।" एलबम वीनस कंपनी के तहत रिलीज होगी। अल्ताफ को उम्मीद है कि इसे संगीत प्रेमियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलेगी।
'घनचक्कर' फिल्म में 'ढोलू राम पधारे' गाना गाने वाले अल्ताफ ने कहा, "गाने बहुत कर्णप्रिय हैं। मुझे भरोसा है कि महानगरों के लोग इसे पसंद करेंगे।" उन्होंने हाल में 'हंटर' फिल्म में 'दिल लगाना' गाना भी गाया है, जो 20 मार्च को रिलीज हो रही है।