फिल्म ‘हाइवे’ में मिली तारीफों के बाद तो आलिया भट्ट को खुश होना चाहिए था। लेकिन हो उल्टा रहा है। कारण...? बहुत सारे लोगों को आलिया में करीना कपूर खान की छवि दिखाई दे रही है और यह बात इस कमसिन सुंदरी को परेशान कर रही है।
फिल्म के बाद कई लोगों ने यह बात कही कि आलिया को देख कर करीना के पुराने दिन याद आते हैं। यही नहीं कुछ लोगों ने तो निर्देशक इम्तियाज अली की ‘जब वी मेट’ की गीत उर्फ करीना को ‘हाइवे’ देख कर याद किया और अनेक दृश्यों में गीत और आलिया की समानता गिना दी।
यहां तक कहा गया कि आलिया कई जगहों पर करीना की तरह ऐक्टिंग करती दिखाई देती हैं। स्वाभाविक है कि आलिया को यह बातें खराब लगेंगी।
आलिया के नजदीकी सूत्रों के अनुसार यह उनकी दूसरी ही फिल्म है और किसी बड़ी हीरोइन से तुलना उनके कैरियर को नुकसान ही पहुंचाएगी। उल्लेखनीय है कि स्नेहा उल्लाल और जरीन खान जैसी अभिनेत्रियों का कैरियर ऐश्वर्या राय बच्चन और कैटरीना कैफ जैसी हीरोइनों के ‘लुक’ से मेल खाने के कारण आज तक परवान नहीं चढ़ सका।
ऐसे में आलिया का डर भी समझा जा सकता है। खैर, फिलहाल आलिया को इंतजार है अपनी फिल्म ‘टू स्टेट्स’ का। उम्मीद करें कि इस फिल्म में वह करीना से उनकी तुलना करने वालों को गलत साबित कर देंगी।