सिद्धार्थ मल्होत्रा और वरुण धवन के साथ हिट जोड़ी बनाने के बाद अब आलिया भट्ट विकी कौशल के साथ जोड़ी बनाने वाली हैं। आलिया और वरुण मेघना गुलजार की अगली फिल्म में दिख सकते हैं।
फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी को बताया, 'विकी कौशल से फिल्म को लेकर बातचीत चल रही है। आलिया भी इस फिल्म में हैं। फिल्म के लिए वह एकदम सही हैं लेकिन अभी उन्होंने फिल्म साइन नहीं की है।' ये फिल्म मेघना गुलजार डायरेक्टर करेंगी जो इससे पहले इरफान खान और कोंकणा सेन शर्मा स्टारर 'तलवार' का निर्देशन कर चुकी हैं। फिल्म की कहानी हरिंदर सिक्का की किताब 'कॉलिंग सेहमत' पर आधारित होगी। ये एक कश्मीरी औरत की कहानी है जिसकी शादी पड़ोसी मुल्क के एक आर्मी ऑफिसर से हुआ है। वो कैसे साल 1971 की भारत-पाक लड़ाई के दौरान भारतीय सुरक्षा एजेंसी को खुफिया जानकारी देती है, यही है फिल्म की कहानी।
इस फिल्म को जंगली पिक्चर्स और धर्मा प्रोडक्शन्स मिल कर प्रोड्यूस करेंगे। आलिया भट्ट जल्द ही रणबीर कपूर के साथ अयान मुखर्जी की 'ड्रैगन' की शूटिंग शुरू करने वाली हैं। वहीं विकी कौशल भी अभी राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बन रही संजय दत्त की बायोपिक में बिजी हैं।