पिछले दो साल से लगातार हिंदी सिनेमा में अपनी चमक छोड़ रहे अभिनेता अक्षय खन्ना जल्द ही एक कॉमेडी फिल्म में नजर आएंगे। श्रीदेवी की आखिरी फिल्म मॉम के बाद अक्षय खन्ना इत्तेफाक, द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर और सेक्शन 375 में अपने दमदार किरदारों से चर्चाएं बटोर चुके हैं। अक्षय की अगली फिल्म नए साल की पहली फिल्म होगी। इस फिल्म का नाम है सब कुशल मंगल और ये 3 जनवरी 2020 को रिलीज होगी।
सोमवार को अक्षय की फिल्म सब कुशल मंगल का फर्स्ट लुक जारी हुआ जिसमें वह मशहूर अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे के बेटे प्रियांक शर्मा और मशहूर अभिनेता रवि किशन की बेटी रीवा के साथ दिख रहे हैं। फिल्म के निर्देशक हैं करण विश्वनाथ कश्यप। पोस्टर में अक्षय जहां प्रियांक की तरफ बंदूक ताने दिख रहे हैं वहीं रीवा को वह गुलाब देते नजर आ रहे हैं। फिल्म के पोस्टर से प्रतीत होता है कि ये फिल्म एक कॉमेडी फिल्म होगी।
मशहूर अभिनेता मनमोहन की तीसरी पीढ़ी इस फिल्म के जरिए फिल्म जगत में कदम रख रही है। मनमोहन की पोती प्राची इस फिल्म की निर्माता है। उनके पिता नितिन मनमोहन भी हिंदी फिल्मों के नामी निर्माता रहे हैं, वह इस फिल्म के प्रस्तुतकर्ता हैं।