बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार फिटनेस को लेकर हमेशा से सजग रहते हैं। यही वजह है कि वह हर साल मुफ्त में एक कूडो टूर्नामेंट का आयोजन कराते हैं। एक्टर पिछले 13 वर्षों से ये प्रतियोगिता करा रहे हैं। इस बार 'अक्षय कुमार इंटरनेशनल कूडो टूर्नामेंट 2022' को गुजरात के उका तरसाडिया यूनिवर्सिटी बारडोली में आयोजित किया जाएगा।
बता दें कि यह टूर्नामेंट तकनीकी रूप से KIFI एसोसिएशन द्वारा समर्थित है जिसे भारत सरकार के युवा मामले एंव खेल मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त है। इस आयोजन में भारत के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों सहित एशियाई देशों के 3000 से अधिक एथलीटों, 300 ऑफिशियल्स और 500 वॉलंटियर के भाग लेने की उम्मीद है।
इस टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक विजेता को कूडो एशिया चैंपियनशिप और कूडो विश्व कप में भाग लेंगे का मौका मिलेगा। दोनों ही प्रतियोगिताओं का आयोजन साल 2023 में जापान में किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, 10 असाधारण फाइटर्स को 1 महीने के प्रशिक्षण शिविर के लिए थाईलैंड भेजा जाएगा जो भारत के कूडो विश्व कप में जीतने की संभावनाओं को बढ़ाने में मदद करेगा।
वर्क फ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार जल्द ही फिल्म कठपुतली में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में एक बार फिर पुलिस अफसर के किरदार में दिखेंगे। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया था जो लोगों को खूब पसंद आया था। इस बार अक्षय की यह फिल्म बड़े पर्दे पर न रिलीज कर सीधा ओटीटी पर लाई जाएगी।