बॉलीवुड के सबसे बड़े खिलाड़ी अक्षय कुमार शनिवार को ऑटो एक्सपो में एक लड़की को अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना समझ बैठे। यही नहीं उन्होंने लड़की से घर चलने की गुजारिश भी और कहा कि डार्लिंग घर चलो। इसके बाद लड़की हक्का-बक्का रह गई और अक्षय को कोई जवाब नहीं दे सकी।
बॉलीवुड के सबसे बड़े खिलाड़ी ने यह चौकाने वाला काम किसी सुनसान या एकांत जगह पर नहीं किया है, बल्कि भरी महफिल में उस लड़की को स्टेज पर बुलाकर उसके कमर में हाथ डालकर उससे घर चलने को कहा। यह देखकर लड़की तो चुप हो गई, लेकिन सामने खड़ी ऑडियंस जोर-जोर से शोर मचाने लगी।
अक्षय से कहां हुई ये चूक?
दरअससल, अक्षय कुमार ग्रेटर नोएडा में चल रहे एशिया के सबसे बड़े ऑटो एक्सपो के चौथे दिन यानी शनिवार को होंडा कंपनी की बाइक के प्रमोशन और बाइक ड्राइविंग के सुरक्षा नियमों पर जागरूक करने पहुंचे। नाइट्रोजन फॉग के बीच से जैसे ही अक्षय निकले दर्शकों ने शोर मचाते हुए पूरी गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया।
उसके बाद अक्षय ने एक बाद एक कार्यक्रम किए। बढ़ी हुई सफेद हो चुकी दाढ़ी, ब्लू जींस और फुल स्लीव टीशर्ट में बेहद चमकीले लग रहे इस एक्शन हीरो ने एक लड़की को ट्विंकल समझकर सबको चौका दिया। ताज्जुब तब हो गया, जब उन्होंने लड़की के कमर में हाथ डाल दिया।
इससे पहले गाना भी गाया था
बाइक चलाते वक्त सुरक्षा संबंधी जागरूकता फैलाने पहुंचे मास्टर खिलाड़ी ने अपना गाया हुआ गाना भी गाया। हालांकि यह गाना उन्होंने उस लड़की के लिए नहीं बल्कि पब्लिक डिमांड पर गाया।
लेकिन जैसे ही अक्की ने 'मुझ में तू, तू ही तू बसा...' गाया युवाओं की भीड़ बेकाबू सी हो गई। इसके बाद अक्षय ने सभी को अपने साथ गाने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके सेफ्टी जोन में अक्षय की मौजूदगी और उनके बिंदास जवाबों से ऑटो एक्सपो मार्ट का आउटडोर एरिया गूंज उठा। इन्हीं सवालों-जवाबों के बीच अक्षय ने एक कंपटीशन शुरू करा दिया। बस इसी कंपटीशन वाले राउंड में उनसे वह चूक हो गई।
आखिर ऐसा क्यों कहा अक्षय ने?
दरअसल 46 की उम्र में भी अक्षय बेहद युवा तेज तर्रार हैं। वह आमतौर पर युवाओं के बीच होने पर उन्हीं के रंग में रंग जाते हैं। अपनी आदत के मुताबिक शनिवार को भी ऑटो एक्सपो के प्रोग्राम में वह एक कंपटीशन करा बैठे। कंपटीशन एक सांस में 60 तक गिनती बोलने का था।
तभी एक लड़की ने यह कारनामा कर दिखाया और एक सांस में 60 तक गिनती बोल दी। तब अक्की ने उसे स्टेज पर बुलाया और नाम पूछा, तो इत्तेफाक से लड़की का नाम ट्विंकल निकला। लड़की ने जैसे ही अपना नाम बताया, अक्षय ने उसकी कमर में हाथ डालते हुए कहा, डॉर्लिंग घर चलो। यह सुनते ही भीड़ ने जोरदार हंसी का ठहाका लगाया।