राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल इन दिनों हिंदुस्तान की अवाम की आंखों का तारा बने हुए हैं। वजह पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक है। अजीत उस हमले के मास्टरमाइंड हैं। उनकी बहादुरी पर बॉलीवुड भी फिदा हो गया है। खबरें हैं कि उन पर एक बायोपिक बनने वाली है। इस बाबत निर्माताओं ने दिव्येंदु शर्मा से संपर्क साधा है।
दिव्येंदु शर्मा ने प्यार का पंचनामा में लिक्विड की यादगार भूमिका निभाई थी। डेविड धवन की चश्मेबद्दूर में तुकबंदी करने वाले शायर के रोल में उन्होंने लोगों को हंसी से लोट-पोट कर दिया था। अब उनकी '2016 द इंड' आ रही है।
दिव्येंदु कहते हैं,' वे भारत के ऐसे एकमात्र नागरिक हैं जिन्हें शांतिकाल में दिया जाने वाले दूसरे सबसे बड़े पुरस्कार कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया। मुझे इस रोल के लिए संपर्क किया गया है। मैं भी अजीत डोभाल का बहुत बड़ा फैन हूं। मेरी ख्वाहिश थी कि अगर कभी किसी की बायोपिक करने का मौका मिले तो इस शख्स की जीवनी से शुरू करूं। वे कमाल के शख्स हैं।