अजय देवगन की फिल्म 'मैदान' की रिलीज डेट में बदलाव कर दिया गया है। नई जानकारी के अनुसार अब यह फिल्म 27 नवंबर 2020 को नहीं बल्कि 11 दिसंबर 2020 को रिलीज होगी। नई रिलीज डेट के सामने आने के साथ ही इस फिल्म का नया पोस्टर भी सामने आ गया है। फिल्म की रिलीज डेट के बदलाव के कारण का तो अभी पता नहीं चला है लेकिन सोशल मीडिया पर यूजर्स ऐसी अटकलें लगा रहे हैं कि यह फैसला 'ब्रह्मास्त्र' की रिलीज डेट को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
गौरतलब है कि 'ब्रह्मास्त्र' 4 दिसंबर 2020 को रिलीज होने जा रही है। स्क्रीन कम होने के अंदेशे के चलते मेकर्स ने रिलीज की तारीख एक हफ्ते आगे बढ़ाने का मन बनाया है ताकि वे बेहतर लाभ उठा सकें।
नए पोस्टर में अजय देवगन कोच के लुक में दिख रहे हैं। उनके दाए हाथ में एक फुटबॉल और पैरों के पास दो और फुटबॉल नजर आ रहे हैं। वहीं उनके गले में सीटी लटकी भी दिख रही है। पोस्टर में अजय देवगन के बाएं तरफ फुटबॉल के कुछ खिलाड़ी नजर आ रहे हैं जो एक दूसरे के बाहों में बाहें डाले एक सीध में खड़े नजर आ रहे हैं। अमित रविन्द्रनाथ शर्मा निर्देशित इस फिल्म का निर्माण जी स्टूडियो, बोनी कपूर, अरुनवा जॉय सेनगुप्ता और आकाश चावला मिलकर कर रहे हैं। यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगू और मलयालम भाषा में रिलीज हो रही है।
गौरतलब है कि इस फिल्म में अजय देवगन भारतीय इतिहास के सबसे सफल फुटबॉल कोच सैयद अब्दुल रहीम का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में 1952-1962 के 10 सालों के भारतीय फुटबाल के स्वर्णिम दौर को दिखाया जाएगा। फिल्म में अजय देवगन के अलावा प्रियामणि, गजराव राव और बोमन ईरानी भी हैं।
पढ़ें: 'भूत' के ट्रेलर लॉन्च पर करण जौहर पर तीखे सवालों की बौछार, इस्लामोफोबिया फैलाने के आरोप पर ये बोले