नए साल के पहले महीने के दूसरे शुक्रवार को रिलीज होने जा रही अजय देवगन, काजोल और सैफ अली खान स्टारर थ्री डी फिल्म तानाजी द अनसंग वॉरियल का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज होने जा रहा है। रिलीज से पहले इस ट्रेलर की झलक देखने वालों का कहना है इस बार अजय देवगन ने अपना एक अलग ही रूप परदे पर पेश किया है।
रविवार को अजय देवगन ने इस ट्रेलर की रिलीज से पहले फिल्म की पंच लाइन को भी सोशल मीडिया पर साझा किया। इसके मुताबिक ये फिल्म रिश्तों के फर्ज और मिट्टी के कर्ज के बीच किसी एक को चुनने की कहानी दिखाएगी।
तानाजी की कहानी इतिहास में ज्यादा सुनाई नहीं देती। वह मराठा सेना के वीर सेनापति रहे और अपने बेटे की शादी के ऐन दिन शिवाजी के बुलावे पर युद्ध करने चले गए। यानी कि तानाजी ने रिश्तों का फर्ज निभाने से पहले मिट्टी के कर्ज को चुकाना जरूरी समझा।
तानाजी ने किलों पर चढ़ने के लिए देसी तकनीक का सहारा लिया था। वह अपने दस्ते के साथ जंगली छिपकली गोह रखते थे और उसे किले की दीवारों पर चढ़ा दिया करते थे। बाद में उनके सैनिक इस छिपकली की कमर में बंधे रस्से के सहारे किले की दीवारें लांघ कर दुश्मन के किले के भीतर प्रवेश कर जाते थे।
अजय देवगन फिल्म तानाजी के खुद प्रोड्यूसर हैं और फिल्म के निर्माण में उन्हें टी सीरीज के मालिक भूषण कुमार का भी साथ मिला है। 10 जनवरी 2020 को रिलीज होने जा रही तानाजी के निर्देशक हैं ओम राउत।