अजय देवगन आमतौर पर अपनी पहली की हुई गलतियां नहीं दोहराते हैं। लेकिन इस बार फिर वह ऐसा करने जा रहे हैँ।
पहली फिल्म ‘यू मी और हम’ की नाकामी के बाद ऐक्टर अजय देवगन ने निर्देशन की कुर्सी छोड़ कर ऐक्टिंग पर ध्यान केंद्रित किया था। परंतु अब छह साल बाद वह एक बार फिर से डायरेक्टर बनने की तैयारी में हैं।
खास बात यह है कि 2008 में आई ‘यू मी और हम’ की तरह इस बार पत्नी काजोल उनकी फिल्म में नहीं होंगी। सूत्र खबर लाए हैं कि अजय पिछले एक साल से निर्देशन में लौटने की तैयारी कर रहे थे और वह अब लगभग पूरी हो चुकी है। अगस्त से फिल्म के प्री-प्रोडक्श का काम शुरू हो जाएगा और अगले साल मार्च में इस फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी।
खुद अजय ने इस बात की पुष्टि की है कि वह फिल्म निर्देशन के लिए फिर से तैयार हैं, परंतु उनका कहना है कि इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। इन दिनों अजय अपनी अन्य फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हैं।
जिनमें वे हीरो बने हुए हैं। आजकल वह हैदराबाद में ‘सिंघम 2’ की शूटिंग कर रहे हैं। वह 15 अगस्त को मुंबई लौटेंगे।