लगता है कि इन दिनों फिल्मों के नाम जिलों और स्टेशनों पर ही रखने का नया ट्रेंड शुरू हो गया है। फिल्म 'जिला गाजियाबाद' के बाद अब 'मेरठ जंक्शन' के नाम से फिल्म बन रही है। इस फिल्म का निर्देशन भी 'जिला गाजियाबाद निर्देशित' करने वाले आनंद कुमार ही करेंगे।
'जिला गाजियाबाद' के प्रदर्शन के साथ ही आनंद कुमान ने अपनी नयी फिल्म की घोषणा कर दी है। उनकी नयी फिल्म का नाम 'मेरठ जंक्शन' होगा। इस फिल्म में अभिषेक बच्चन मुख्य किरदार में दिखेंगे। आनंद कुमार ने कहा कि मेरी अगली फिल्म 'मेरठ जंक्शन' की पटकथा पूरी हो चुकी है। यह बिल्कुल ग्रामीण फिल्म है। मैं फिल्म में अभिषेक बच्चन को मुख्य भूमिका में लेना चाहता हूं।
उन्होंने कहा कि हम उनसे इस बारे में बात कर रहे हैं और उन्हें भी फिल्म की पटकथा पसंद आई है। यदि सबकुछ ठीक रहा तो हम जल्द ही फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। कुमार को लगता है कि अभिषेक उन चुनिंदा अभिनेताओं में से हैं जो फिल्म की मुख्य भूमिका के लिए बिल्कुल सटीक बैठेंगे।