बॉलीवुड के मेगास्टार अमिताभ बच्चन के साथ बड़े परदे पर नजर आने के बाद अब तापसी पन्नू दिग्गज कलाकार ऋषि कपूर के साथ भी नजर आएंगी। तापसी पन्नू और ऋषि कपूर की नई फिल्म का फर्स्ट लुक सामने आया है। इनकी फिल्म का नाम ‘मुल्क’ है। ‘मुल्क’ का फर्स्ट लुक ऋषि कपूर और तापसी पन्नू ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर किया है।
‘मुल्क’ के फर्स्ट लुक में तापसी पन्नू एक कोर्ट रूम में वकील की ड्रेस में नजर आ रही हैं तो वहीं मुस्लिम व्यक्ति का किरदार निभा रहे ऋषि कपूर उन्हें काफी गुस्से में देख रहे हैं। ‘मुल्क’ के इस फर्स्ट लुक को तपसी पन्नू ने इंस्टाग्राम पेज पर शेयर करते हुए पोस्ट के जरिए फिल्म से जुड़ी खास जानकारी भी दी। उन्होंने पोस्ट में लिखा- ‘एक बार फिर अदालत होगी, कटघरा होगा, एक परिवार होगा, एक मानसिकता होगी और विरोध होगा। शायद आज के समय का सबसे जरुरी मुद्दा- मुल्क, और हाँ ….. रमज़ान मुबारक 🙂 – आरती (पूरा नाम जानने के लिए मिलिए सिनेमा घर में 27 जुलाई 2018 को….. इन्तज़ार रहेगा)’
तपसी पन्नू की पोस्ट और फिल्म के फर्स्ट लुक को देखकर कह सकते हैं कि फिल्म ‘मुल्क’ अमिताभ बच्चन के साथ उनकी फिल्म 'पिंक' से कम नहीं होगी। ‘मुल्क’ के निर्माता-निर्देशक अनुभव सिन्हा है। यह फिल्म एक सच्ची घटना पर आधारित फिल्म है।