रेप का आरोप झेल रहे बॉलीवुड एक्टर आदित्य पंचोली को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। दिंडोशी सेशन कोर्ट ने उनकी ओर से दायर अग्रिम जमानत याचिका को स्वीकार कर लिया। अब कोर्ट ने उन्हें 19 जुलाई तक की अंतरिम राहत दी है। आदित्य पंचोली पर एक्ट्रेस ने रेप का आरोप लगाया है। वर्सोवा पुलिस ने आदित्य पंचोली के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
मामला दर्ज होने के बाद अब आदित्य पंचोली ने दिंडोशी सेशन कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। एक्ट्रेस ने आदित्य पंचोली पर आरोप लगाया है कि साल 2004-09 के दौरान एक्टर ने उसका यौन शोषण किया और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें परिवार को भेज दीं। यही नहीं एक्ट्रेस का कहना है कि आदित्य पंचोली ने उसको ब्लैकमेल करके रुपये भी वसूलने की कोशिश की।
वहीं इस पूरे मामले में आदित्य पंचोली ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सभी आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया था। आदित्य पंचोली पहले भी विवादों में आ चुके हैं। आदित्य पंचोली पिछले दिनों फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत और उनकी बहन रंगोली चंदेल के खिलाफ मानहानि के केस दर्ज कराने को लेकर चर्चा में थे। पंचोली ने 2017 में पत्नी जरीना वहाब के साथ मिलकर कंगना और रंगोली के खिलाफ चार केस दर्ज करवाए थे। इनके मुताबिक टीवी, ट्विटर जैसे पब्लिक प्लेटफॉर्म पर दोनों बहनों ने पंचोली और उनकी पत्नी पर कई तरह के आरोप लगाए।