लगता है देश की आर्थिक राजधानी मुंबई महिलाओं के लिए सचमुच में सुरक्षित नहीं रह गई है।
बॉलीवुड स्टार कमल हासन और सारिका की बेटी अभिनेत्री श्रुति हासन पर मंगलवार को एक अनजान शख्स ने घर में घुसकर हमला किया। श्रुति ने बहादुरी से हमलावर का सामना किया और उसे भागने पर मजबूर कर दिया।
हालांकि हमले में अभिनेत्री को कोई चोट नहीं आई है लेकिन वह इस घटना से सदमे में हैं। फिलहाल उन्होंने मामले की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है, लेकिन अपने नजदीकी लोगों से इसकी पुष्टि की है।
सूत्रों के अनुसार घटना मंगलवार सुबह 9.30 बजे के करीब की है। श्रुति बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट के दरवाजे की घंटी बजने पर उसे खोलने पहुंची। दरवाजा खोलते ही एक व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया। उसने श्रुति का गला दबोचा और उन्हें अंदर धकेलने लगा।
अभिनेत्री ने अपना बचाव किया और उसे बाहर धकेल कर तेजी से दरवाजा बंद कर लिया। इस दौरान हमलावर का हाथ दरवाजे में फंस गया। जिससे श्रुति को संभलने का मौका मिल गया। तभी वह हमलावर अपना हाथ दरवाजे से निकाल कर भाग गया।
सोशल मीडिया पर बहादुरी की तारीफ
माना जा रहा है कि वह श्रुति का कोई सनकी फैन है। 27 वर्षीय श्रुति के साथ हुए हादसे की बात सामने आते ही सोशल नेटवर्किंग साइटों पर उनके मित्रों ने संवेदना प्रकट की, उनकी बहादुरी की सराहना की और सुरक्षा में लापरवाही को लेकर चिंता भी।
फिल्म ‘लक’ से बॉलीवुड में करियर शुरू करने वाली श्रुति बीते दिनों ‘रमैया वस्तावैया’ और ‘डी-डे’ फिल्मों में दिखी थीं।