देश भर में हनीट्रैप के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और अब एक और नया मामला सामने आ गया है। हाल ही में एक वेब सीरीज मेकर को हनीट्रैप में फंसाकर उनसे 1.6 लाख रुपये की लूट की गई है। वेब सीरीज मेकर के साथ एक एक्ट्रेस और उसके तीन साथियों ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है। एक्ट्रेस और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वेब सीरीज मेकर के परिचित व्यक्ति ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया था कि एक एक्ट्रेस वेब सीरीज में काम करना चाहती थी। जिसे विक्टिम ने उसे 6 मार्च को ऑडिशन के लिए मिलने के लिए बुलाया था और फिर दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। इस मुलाकात के बाद एक्ट्रेस के ब्वॉयफ्रेंड ने उन पर महिला के साथ शोषण करने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं उन्होंने सीरीज मेकर को उनके खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज करने की धमकी भी दी।
फिल्म निर्माता ने एक्ट्रेस के ब्वॉयफ्रेंड को समझाने की कोशिश की लेकिन उन लोगों ने उसकी बात नहीं सुनी। एक्ट्रेस के ब्वॉयफ्रेंड विक्टिम को कॉल करता रहा और 10 मार्च को घाटकोपर में मिलने के लिए बुलाया। जब विक्टिम घाटकोपर पहुंचा, तब एक्ट्रेस और उसके तीन पुरुष साथियों ने उनकी कार पर हमला किया और उनकी पिटाई की। इसके बाद आरोपी विक्टिम को वडाला, फिर सायन ले गए।
इस पूरे मामले में पुलिस ने कहा कि, आरोपियों ने विक्टिम से 4 लाख रुपये की मांग की और यूपीआई ऐप के जरिए पैसे ट्रांसफर करने के लिए उनका फोन छीन लिया। हालांकि, आरोपी एप से ज्यादा परिचित न होने की वजह से गलत पासवर्ड डालते रहे और सिर्फ 1.6 लाख रुपये ही ट्रांसफर कर पाए। बाद में आरोपी विक्टिम को जबरन एक एटीएम के पास ले गए, जहां उससे 20 हजार रुपये निकालने के लिए कहा और फिर आरोपी विक्टिम को धमकी देते हुए कार से बाहर निकल गए।
बता दें कि 13 मार्च को विक्टिम ने कांदीवली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में यह केस पंतनगर पुलिस स्टेशन को ट्रांसफर कर दिया गया। फिलहाल, पंतनगर की पुलिस 10 मार्च को हुई इस घटना की जांच कर रही है। अब तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।