सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना जब बारिश-बाढ़ पीड़ितों से मिलने पहुंचीं तो उनके काफिले के पास लोग काले झंडे लिए नारे लगाते दिखाई दिए। कंगना के खिलाफ नारेबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें लोग कह रहे हैं, 'कंगना रनौत गो बैक, यू आर लेट'। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ समर्थकों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई है।
अगस्त में भारी बारिश के चलते आई बाढ़
बता दें कि 25 और 26 अगस्त को कुल्लू और मनाली में कई जगहों पर भारी बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ आई। ब्यास नदी की तेज धारा एक बहुमंजिला होटल और चार दुकानों को बहा ले गई। ब्यास नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग और मनाली-लेह राजमार्ग के कई हिस्से बह गए। कुल्लू शहर, बस स्टैंड और बिंदु ढांक को जोड़ने वाली मनाली की राइट बैंक रोड को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
कंगना ने प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा
कुल्लू के रामशेल क्षेत्र में एक घर क्षतिग्रस्त हो गया, मनाली के पास 14 मील क्षेत्र में पानी घरों में घुस गया और पतलीकूहल में नदी-नालों के उफान पर होने से एक मछली फार्म क्षतिग्रस्त हो गया। इससे पहले, कंगना ने मनाली उपमंडल के सोलंग और पलचान के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। प्रभावित लोगों से बातचीत की और स्थिति का जायजा लिया। मनाली से भाजपा नेता और पूर्व विधायक गोविंद सिंह ठाकुर और स्थानीय निवासियों ने सांसद को बुनियादी ढांचे और अन्य नुकसानों के बारे में जानकारी दी।
बोलीं- 'राहत कार्यों को पूरी ताकत से बढ़ाएंगे'
कंगना ने आपने आज के दौरे की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं। इसके साथ लिखा है, 'आज मंडी लोकसभा के मनाली विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों और कस्बों का दौरा कर आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। सोलंग नाला, पलचान, बाहंग, समहान, मनाली गांव, 17 मिल, बिंदु ढांक, 15 मिल, पतलीकुल, नेरी जैसे क्षेत्रों में जाकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार पूरी तरह से जनता के साथ खड़ी है। हम मिलकर पुनर्निर्माण और राहत कार्यों को पूरी ताकत से आगे बढ़ाएंगे।
कंगना के रेस्तरां में नुकसान, छलका दर्द
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दौरे के दौरान कंगना ने लोगों से अपने रेस्टोरेंट में हुए नुकसान की बात भी कही। उन्होंने कहा, 'कल मेरे रेस्टोरेंट की बिक्री केवल 50 रुपये हुई और मैं 15 लाख रुपये वेतन देती हूं। कृपया मेरा दर्द भी समझिए। मैं भी हिमाचली हूं और यहीं की निवासी हूं'।