नब्बे के दशक के मशहूर अभिनेता मोहनीश बहल और उनकी पत्नी आरती बहल ने 23 अप्रैल को अपनी शादी की 34वीं सालगिरह मनाई। इस खास मौके को कपल ने साथ मिलकर रोमांटिक अंदाज से सेलिब्रेट किया। इस सेलिब्रेशन की झलकियां आरती बहल ने अपने सोशल मीडिया पर भी शेयर की हैं।
34 साल पहले बने थे हमसफर
अभिनेता मोहनीश बहल और आरती बहल को हमसफर बने हुए 34 साल हो चुके हैं। एक्टर ने सालगिरह के जश्न को पत्नी के साथ काफी एंजॉय किया। आरती ने अपनी और मोहनीश की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट कीं। पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, 'मेरे जीवनसाथी को सालगिरह मुबारक हो, आपकी वजह से मैं खुश और सुरक्षित महसूस करती हूं। हमने मिलकर जो प्यारा परिवार और जीवन बनाया है, उसकी शुरुआत लगभग 35 साल पहले एक सेट पर हुई। आपने मुझे क्रोसिन की दवा दी थी। आप आज भी वैसे ही हैं, अपनों का ख्याल रखने वाले।'
मोहनीश बहल, आरती बहल
- फोटो : सोशल मीडिया
फिल्म के सेट पर हुई मुलाकात
शादी से पहले एकता सोहनी जो अब आरती बहल के नाम से जानी जाती हैं। वह भी अपने समय की एक सफल फिल्म अभिनेत्री थीं। पहली बार मोहनीश और आरती की मुलाकात फिल्म 'युद्धपथ(1992)' के सेट पर हुई थी। जिसके बाद दोनों की नजदीकियां बढ़ीं। कुछ वक्त के बाद दोनों ने शादी कर ली। कपल ने साथ में ऑनस्क्रीन भी पति -पत्नी की भूमिका फिल्म 'वास्तव(1999)' और 'लाइफ हो तो ऐसी(2006)' में निभाई थी। इस कपल की दो बेटियां भी हैं, एक का नाम प्रनूतन बहल और दूसरी का कृष्णा बहल है।
मोहनीश बहल, आरती बहल
- फोटो : सोशल मीडिया
मोहनीश बहल वर्कफ्रंट पर क्या कर रहे हैं?
मोहनीश बहल को आखिरी बार बड़े पर्दे पर फिल्म 'पानीपत' में देखा गया था। इसके बाद वो ओटीटी पर सीरीज 'रक्तांचल' में दिखे। अभी तक एक्टर ने अपने नए प्रोजेक्ट की घोषणा नहीं की है। वहीं बात करें उनकी पत्नी की तो वो अब बॉलीवुड में एक्टिव नहीं हैं।