अभिनेत्री श्रुति हासन पर उनके बांद्रा स्थित घर में जबर्दस्ती घुसने और उन पर हमला करने के आरोप में एक स्पॉट ब्वाय को गिरफ्तार किया गया है।
मुंबई पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान 45 वर्षीय अशोक शंकर त्रिमुखे के रूप में की गई और उसे शनिवार को धारावी इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। फिल्म सिटी में वह स्पॉट ब्वाय का काम करता है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह हासन के घर अपने भाई के लिए नौकरी मांगने गया था, लेकिन जब तक वह कुछ कह पाता तब अभिनेत्री डर से चिल्लाने लगी।
आरोपी ने कहा है कि उसकी योजना अभिनेत्री को डराने की नहीं थी। बांद्रा पुलिस के मुताबिक यह घटना मंगलवार को सुबह 9.30 बजे घटी थी। अभिनेत्री के फ्लैट का दरवाजा खोलते ही आरोपी उनसे भिड़ गया था।
उसने अभिनेत्री से पूछा कि वह क्यों नहीं उसे पहचान रही हैं। श्रुति किसी तरह आरोपी को बाहर धकेलने में सफल रहीं थी।