फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अभिषेक बच्चन ने शुरू किया ऐसा काम, अब चुटकियों में बदल जाएगी इमेज

Wed, 13 Jun 2018 03:57 PM IST
एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
अभिषेक बच्चन इस साल नई शुरुआत करना चाहते हैं। सोलो हीरो के रूप में उनकी पहचान बीते तीन-चार साल में लगभग खत्म हो चुकी है। शाहरुख-आमिर और अजय-अक्षय जैसे सितारों की छाया में उनकी मल्टीस्टारर फिल्मों ने भले करोड़ों बनाए हों परंतु अकेले अभिषेक के कंधे किसी फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर खींचने में कई बार कमजोर पड़े हैं। शायद इसकी वजह उनके पिता की वह छवि है, जिससे अक्सर उनकी तुलना हुई है।
विज्ञापन


स्थिति यह आई कि खुद जूनियर बच्चन का आत्मविश्वास डगमगा गया और उन्होंने यह तक कह दिया कि सोलो हीरो के तौर पर पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने कई फिल्मों में काम करने से इंकार कर दिया। मगर फिर भी सब कुछ ठीक और अभिषेक की योजना के अनुसार चला तो साल 2018 जाने से पहले उनकी छवि को दर्शकों के बीच बेहतर बना सकता है। सूत्रों के मुताबिक अभिषेक और उनका काम तथा इमेज चमकाने की जिम्मेदारी उठाने वाली नई मैनेजमेंट टीम चाहती है कि पहले जूनियर बी को मीडिया में अपनी अपनी छवि सुधारने की जरूरत है और इसके लिए उन्हें मेहनत करनी पड़ेगी।

उल्लेखनीय है कि मीडिया से भी अभिषेक के बहुत अच्छे रिश्ते नहीं रहे हैं। एक के बाद एक फ्लॉप फिल्मों के बाद उन्होंने न केवल प्रशंसक खोए बल्कि अपने स्वभाव के कारण मीडिया में भी अपने समर्थक भी खो दिए। बीते एक दशक में अभिषेक ने बमुश्किल दर्जन भर फिल्में कीं और उसमें दिल्ली-6, रावण, खेलें हम जी जान से और ऑल इज वेल जैसी सोलो फ्लॉप शामिल हैं। अब अभिषेक ने नई टीम रखी है और वह सब कुछ बदल देना चाहते हैं।

एक नई शुरुआत करना चाहते हैं। सूत्रों के अनुसार उन्होंने इधर कुछ फिल्में साइन की हैं और कुछ विचाराधीन रखी हैं ताकि वह इस साल रिलीज होने वाली मनमर्जियां के नतीजे के बाद उन पर विचार कर सकें। रोचक बात यह है कि निर्देशक अनुराग कश्यप की इस त्रिकोणीय प्रेम वाली फिल्म में अभिषेक एक ऐसे प्रेमी बने हैं जिन्हें दर्शकों की सद्भावनाएं मिलेंगी। अभिषेक को इस फिल्म से जबर्दस्त वापसी की उम्मीद है।
विज्ञापन

इसके साथ अभिषेक इन दिनों चल रही कंटेंट फिल्मों में भी हाथ आजमाना चाहते हैं। निर्देशक शोनाली बोस की एक फिल्म में वह प्रियंका चोपड़ा के साथ आ सकते हैं। दोनों इसमें एक 19 वर्षीया बेटी के अभिभावक बने हैं। बॉलीवुड के गलियारों में जबर्दस्त चर्चा है कि फिल्मों के साथ अभिषेक का पूरा जोर अब इमेज मेक-ओवर पर है और वह सलमान खान की पूर्व मैनेजर रेशमा शेट्टी की मदद ले रहे हैं।

माना जाता है कि सलमान की सफलता और वर्तमान लोकप्रियता के पीछे रेशमा का बड़ा हाथ है। रेशमा ने ही सलमान को बैड बॉय की छवि से बाहर निकाल कर आज उदार, मददगार और गरीबों के प्रति बहुत संवेदनशील व्यक्ति के रूप में स्थापित किया। इस छवि ने सलमान को आज बॉक्स ऑफिस का सबसे बड़ा बॉलीवुड सितारा बना दिया है। अभिषेक को उम्मीद है कि रेशमा कुछ ऐसी ही मदद उन्हें भी कर सकेंगी। सूत्रों के अनुसार अभिषेक को दर्शकों से पहले मीडिया में अपनी छवि को चमकाने की सलाह दी गई है और जल्द ही वह इस पर अमल करते नजर आएंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें